सुखबीर बादल ने सिविल अस्पताल जलालाबाद को दी वेंटिलेटर एंबुलेंस वैन
शिरोमणि अकाली दल बादल के अध्यक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सिविल अस्पताल जलालाबाद के लिए वेंटीलेटर एंबूलेंस वैन दिया।
संवाद सूत्र, बादल (श्री मुक्तसर साहिब)
शिरोमणि अकाली दल बादल के अध्यक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को पैतृक गांव बादल से सिविल अस्पताल जलालाबाद के लिए वेंटिलेटर एंबूलेंस वैन को हरी झंडी दिखा रवाना किया। सुखबीर बादल ने अपने सांसद कोटे से ये वैन दी है। इस एंबूलेंस के निर्माण पर 17 लाख 19 हजार रुपये लागत आई है।
जलालाबाद सिविल अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड से मरीज को इमरजेंसी में शिफ्ट करते समय इस वैन के जरिए मदद दी जा सकेगी। इस मौके मौजूद बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस के वाइस चांसलर डॉ. राज बहादुर ने कहा कि इस एंबूलेंस में वेंटिलेटर लगा हुआ है। जलालाबाद अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड के किसी मरीज को वेंटिलेटर की जरुरत पड़ती है तो मरीज को इस वैन के जरिए शिफ्ट किया जा सकता है। इस मौके सतिदरजीत सिंह मंटा, रणजोध सिंह लंबी समेत अन्य भी हाजिर थे। सुखबीर बादल शीघ्र ही सांसद कोटे से बठिडा अस्पताल के लिए भी ऐसी वैन भेंट करेंगे।