आरोपित अमन कुमार ने भी किया आत्मसमर्पण
जोधू कालोनी निवासी नवीन कुमार ने दो बच्चों के साथ कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था।
संवाद सहयोगी, श्री मुक्तसर साहिब : जोधू कालोनी निवासी नवीन कुमार ने दो बच्चों के साथ कोई जहरीली वस्तु खा ली थी। जिससे नवीन कुमार तथा उसकी बेटी की मौत हो गई थी। उस मामले में पुलिस ने नवीन कुमार के पड़ोसी अमन कुमार उसकी माता सीता तथा उसकी पत्नी प्रियंका के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस बारे में थाना सिटी प्रभारी मोहन ने बताया कि मृतक की पत्नी पहले ही आत्मसमर्पण कर चुकी है। बीते दिन आरोपी अमन कुमार ने भी अपने जीजा के साथ थाना सिटी में आत्मसमर्पण कर दिया। जिस पर पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन का रिमांड हासिल किया।
गौर हो कि 17-18 की मध्य रात्रि नवीन कुमार ने बेटी व बेटे के साथ जहर खाया था। इस मामले में अब तक मृतक की पत्नी प्रियंका तथा आरोपी अमन कुमार की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि अमन कुमार की माता सीता की गिरफ्तारी होनी अभी बाकी है। थाना सिटी प्रभारी ने बताया कि अमन कुमार का रिमांड खत्म होने के बाद उसे दोबारा फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।