गंगा दर्शन व गंगा स्नान के समान कोई तीर्थ नहीं : स्वामी कमलानंद
श्री कल्याण कमल आश्रम हरिद्वार के स्वामी कमलानंद गिरि ने कार्तिक मास पर प्रवचन किए।
संवाद सूत्र, श्री मुक्तसर साहिब
श्री कल्याण कमल आश्रम हरिद्वार के अनंत श्री विभूषित 1008 महामंडलेश्वर स्वामी कमलानंद गिरि जी ने कार्तिक महात्म्य सुनाते हुए कहा कि समस्त तीर्थ नदियों में स्नान, चारों धामों के दर्शन, 108 गायों का दान करने का जो फल है वही फल कार्तिक मास व्रत करने एवं महात्म्य श्रवण से मिल जाता है। हिदू सनातन को मानने वाले सभी कार्तिक की विशेषताओं को समझते हुए इस माह धर्म-कर्म करते हैं तो उनको अलौकिक सुख एवं अंत में मोक्ष प्राप्त होगा। स्वामी ने ये विचार श्री राम भवन में चल रहे वार्षिक कार्तिक महोत्सव के दौरान मंगलवार को श्रद्धालुओं के विशाल जनसमूह के समक्ष प्रवचनों की अमृतवर्षा करते हुए व्यक्त किए। स्वामी ने कहा कि कार्तिक माह में दीपदान का खास महत्व है। तीर्थराज प्रयाग में निवास एवं संगम स्नान सिद्धि प्राप्त कराने वाला, दुस्वप्न विनाशक, संपूर्ण पापों को जला देने वाला, दुष्ट ग्रह निवारक, रोग विनाशक, आयु वृद्धि कर्ता होने के कारण तीर्थराज प्रयाग कलयुग में विशेष महत्वपूर्ण है। यदि गंगा स्नान करने हरिद्वार या प्रयाग जा सकें तो बहुत अच्छी बात है। यदि नहीं भी जा सकते हैं तो गंगा जी का स्मरण करते हुए व्यक्ति कहीं भी स्नान करे तो मां गंगा की कृपा से उसे मोक्ष मिल जाता है। गंगा दर्शन व गंगा स्नान के समान कोई तीर्थ नहीं है। जन्म देने वाली माता के समान कोई गुरू नहीं है। चतुर्भुज नारायण विष्णु के समान कोई देव नहीं हैं। गुरु से परे कोई तत्व नहीं। समस्त नदियों में गंगा जी श्रेष्ठ हैं। वेद की माता गायत्री है।
कथा दौरान मंदिर में रोजाना जप, तुलसी पूजा, भगवान शिव की पूजा, शालिग्राम जी का अभिषेक, कार्तिक मास महात्म्य की कथा, सुमधुर भजन एवं संकीर्तन से आनंददायक माहौल बन रहा है।
उन्होंने कहा कि जो गरीब, बेसहारा, अनाथ, दरिद्र, मठ, मंदिर, गौशाला, धर्मशाला, अनाथालय, विद्यालय, कुष्ठ आश्रम, वृद्ध आश्रम ऐसी आवश्यकता वाली जगहों पर दान देना जानते हैं उनको दाता या देवता कहा गया है। राक्षस वही है जो केवल रखना जानते हैं। अधिक समय तक रखने पर हर चीज खराब हो जाती है। इसलिए हर वस्तु का सही सदुपयोग होता रहे, यह बेहद जरूरी है।