मनप्रीत के पिता गुरदास बादल का अंतिम संस्कार, फूट-फूट कर रोए भाई प्रकाश सिंह बादल
वित्त मंत्री मनप्रीत बादल के पिता व पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भाई गुरदास बादल का कल रात निधन हो गया। आज उनका अंतिम संस्कार किया गया।
जेएनएन, मोहाली/श्री मुक्तसर साहिब। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के छोटे भाई और वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के पिता गुरदास सिंह बादल का वीरवार देर रात मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया था। उनका आज गांव बादल में अंतिम संस्कार किया गया। गुरदास बादल के संस्कार के मौके पर भाई प्रकाश सिंह बादल, भतीजे सुखबीर बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा, साधुु सिंह रंधावा व भारत भूषण आशू के अलावा डेरा राधा स्वामी ब्यास के प्रमुख गुरिंद्र सिंह भी विशेष तौर पर पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल गुरदास बादल के अंतिम दर्शन करती हुईं।
मनप्रीत बादल के अलावा पूर्व सीएम परकाश सिंह बादल फूट-फूट कर रो पड़े। मनप्रीत बादल के लिए यह सदमा असहनीय है, क्योंकि डेढ़ माह पहले ही उनकी माता का देहांत हो गया था। डेढ़ माह में माता और पिता दोनों ही चले गए।
मनप्रीत बादल से शोक संवेदना जताते लोग।
जब गुरदास बादल की पत्नी का निधन हुआ था वह तभी से बीमार थे। बादल सांसद रह चुके हैं। प्रकाश सिंह बादल के हलके की कमान पहले गुरदास सिंह बादल के हाथों में ही हुआ करती थी। पिता के निधन का समाचार मनप्रीत बादल ने ट्वीट कर दिया। लिखा कि आपको अपने पिता गुरदास सिंह बादल के निधन की जानकारी दे रहा हूं। उनका कल रात मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में देहांत हो गया है। वह 90 साल के थे। मार्च में मेरी मां के निधन के बाद से उनकी सेहत खराब रहने लगी थी और वह पिछले कुछ दिनों से जीवन रक्षा प्रणाली पर थे।
अंतिम संस्कार के दौरान सुखबीर बादल अग्नि देते हुए।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिवार की ओर से जगह-जगह पर सेनिटाइजर का प्रबंध भी किया हुआ था, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण शारीरिक दूरी का नियम लागू नहीं हो पाया।
अंतिम संस्कार की क्रिया करते मनप्रीत बादल व सुखबीर बादल।
बता दें, गुरदास बादल को रविवार को अस्पताल में दाखिल कराया गया था। वह मल्टीपल डिसीज (शुगर, गुर्दों और दिल के रोग) का सामना कर रहे थे। उनको सीसीयू में रखा गया था। गुरदास बादल पांचवीं लोकसभा में फाजिल्का सीट से अकाली दल के सांसद भी रहे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वित्त मंत्री मनप्रीत बादल के पिता के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने परिवार के लिए गुरदास बादल का जाना बड़ी कमी बताया। मुख्यमंत्री ने गुरदास बादल द्वारा लोगों की खासकर दबे -कुचले वर्गों की भलाई के लिए काम किया।