मुक्तसर में गोरा पठेला को मिला टिकट, बदलेंगे समीकरण
भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी की गई अपनी पहली सूची में श्री मुक्तसर साहिब विधानसभा हलके से भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार गोरा पठेला को टिकट दिया गया है।

सुभाष चंद्र, श्री मुक्तसर साहिब
भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी की गई अपनी पहली सूची में श्री मुक्तसर साहिब विधानसभा हलके से भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार गोरा पठेला को टिकट दिया गया है। हालांकि इस टिकट की दौड़ में हाल ही में जिला परिवहन अधिकारी के पद से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हुए सिख चेहरा गुरचरन सिंह संधू भी शामिल था। टिकट को लेकर दोनों में काफी जोर अजमाइश चल रही थी।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता गुरचरन संधू को टिकट दिलाने के लिए काफी जोर भी लगा रहे थे। लेकिन इसके बावजूद टिकट गोरा पठेला को दिया है। माना जा रहा है कि एक हिदू चेहरे के तौर पर ही गोरा पठेला को यह टिकट दिया गया है। क्योंकि मुक्तसर हिंदु बाहुल्य होने के कारण अन्य राजनीतिक पार्टियों ने सिख चेहरे को ही मैदान में उतारे हैं।
बेशक अभी कांग्रेस के प्रत्याशी घोषणा बाकी है। कांग्रेस की टिकट के अधिकतर दावेदार भी सिख चेहरे ही हैं। केवल भारत भूषण बिटा एक मात्र कांग्रेसी टिकट के दावेदारों में हिदू चेहरा हैं। इससे पहले भी किसी प्रमुख राजनीतिक पार्टी ने यहां से हिदू चेहरे को चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। अगर कांग्रेस भी किसी सिख चेहरे को ही अपना प्रत्याशी घोषित कर देती है तो निश्चित तौर पर समीकरण बदलेंगे।
राजेश गोरा पठेला को मैदान में उतारे जाने के बाद अब माना जा रहा है कि कांग्रेस में भी किसी हिदू चेहरे को ही टिकट देने की मांग जोर पकड़ेगी। 1986 में भाजपा से जुड़े बीए पास 52 वर्षीय पठेला
करीब 52 वर्षीय राजेश कुमार गोरा पठेला का परिवार शुरू से ही भाजपा के साथ जुड़ा हुआ है। उनके पिता सतपाल पठेला जहां जनसंघ से जुड़े हुए हैं, वहीं छह बार भाजपा से पार्षद भी बन चुके हैं। इस समय भी वह भाजपा से पार्षद हैं। इसके अलावा उनके पिता नगर कौंसिल के उप प्रधान भी रह चुके हैं। बीए पास गोरा पठेला खुद वर्ष 1986 से भाजपा के साथ जुड़े थे। पहले उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा में काफी समय तक काम किया। इसके उपरांत वह दो बार भाजपा के जिला महासचिव रह चुके हैं। अब वह भाजपा के जिला प्रधान हैं। इस से पहले भी वह एक बार जिला प्रधान रह चुके हैं। उन्हें टिकट दिए जाने से भाजपा के वर्कर काफी उत्साहित हैं।
Edited By Jagran