एक किलो अफीम और 20 किलो भुक्की समेत आठ गिरफ्तार
पुलिस ने नशीले पदार्थो की तस्करी के आरोप में महिला सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : पुलिस ने नशीले पदार्थो की तस्करी के आरोप में बुधवार को एक महिला सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपितों में चार लोग राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड के रहने वाले हैं। इन सभी आरोपितों से अफीम, भुक्की, शराब और प्रतिबंधित दवाओं की गोलियां बरामद हुई हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं एक्साइज एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं।
थाना लंबी के एएसआइ नछत्तर सिंह की अगुआई में पुलिस पार्टी ने गांव वड़िग खेड़ा से दो लोगों को 20 किलो भुक्की के साथ गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान मध्य प्रदेश के जिला नीमच के गांव ढोलपुरा निवासी सुनील अहीर तथा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गांव पिलखेड़ी निवासी राहुल अहीर के तौर पर हुई। लंबी थाने के ही हेडकांस्टेबल संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गांव लंबी से भीटीवाला गांव के निवासी हरजिदर सिंह को प्रतिबंधित दवाओं की एक हजार नशीली गोलियों के साथ काबू किया। थाना सिटी मलोट के एएसआइ जरनैल सिंह की अगुआई में पुलिस पार्टी ने गांव ईना खेड़ा निवासी दिलबाग सिंह उर्फ बागा को 470 गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। थाना सिटी मलोट के ही एएसआइ सुखराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गांव जंडवाला चढ़त सिंह निवासी मनजीत कौर को 35 बोतल अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया।
थाना सदर श्री मुक्तसर साहिब के एसआइ हरविदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गांव उदेकरण से झारखंड के जिला चतरा के गांव चुकरू निवासी पप्पू कुमार और रूपेश कुमार को एक किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया। जबकि, थाना कबरवाला के हवलदार काला सिंह की अगुआई में पुलिस पार्टी ने गांव शाम खेड़ा से इसी गांव के निवासी सुरजीत सिंह को सवा छह बोतल शराब के साथ काबू किया। आरोपित अपने घर में शराब निकालने का आदी है।