50 लाख की ठगी मारने वाले गिरोह के चार सदस्य काबू
पुलिस ने एक गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित बैंकों से चेक हासिल करने के बाद उसे एडिट करके अपने खाते में ट्रांसफर करवा लेते थे।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : पुलिस ने एक गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपित बैंकों से चेक हासिल करने के बाद उसे एडिट करके अपने खाते में ट्रांसफर करवा लेते थे। इस तरह से वे अब तक करीब 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुके हैं। आरोपितों के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कर लिया गया है। एसपी (डी) मोहन लाल ने बताया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें अरुण कुमार उर्फ सोनू निवासी हकीमां फतेह सिंह कालोनी, गली नंबर 21 अमृतसर, चेतन कुमार निवासी गंगियाल पुलिस पोस्ट, फेस नंबर 2, इंडस्ट्रियल एरिया जम्मू, दीपक ठाकुर उर्फ दीपू निवासी ग्रीन एवेन्यू, डिगियाना मोहल्ला, जम्मू तथा मोहित अरोड़ा निवासी गली वीरो वाली, ढाब बसती राम, अमृतसर के तौर पर हुई है। सीआइए स्टाफ में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी (डी) मोहन लाल ने बताया कि उक्त लोगों का गैंग बनाया हुआ है। इनमें से एक व्यक्ति बैंक में जाकर चेकों की जानकारी हासिल करता था। इस उपरांत गैंग का दूसरा व्यक्ति बैंक से अपना चेक बताकर उसे हासिल कर लेता था। जिसके बाद हासिल चेक पर अरेंजर पेंसिल के साथ नाम आदि मिटाकर उस पर अपना नाम भर लेते थे और फिर उस चेक को अपने खाते में लगाकर ट्रांसफर करवा लेते थे। उक्त लोग इस तरह से अब तक 50 लाख रूपये की ठगी कर चुके हैं। चारों आरोपितों को काबू करके उनके खिलाफअगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपितों से चेक व अरेंजर पेंसिल आदि भी बरामद की गई हैं। जांच अधिकारी ने कहा कि इस मामले की आगे भी जांच की जा रही है।