थाना सिटी के एएसआइ पर युवक के साथ मारपीट करने का आरोप
ठेके वाली गली निवासी युवक साजन कटारिया ने थाना सिटी के एएसआइ सुखपाल सिंह मक्कड़ पर उसके साथ बेवजह मारपीट करने का आरोप लगाया है
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब : ठेके वाली गली निवासी युवक साजन कटारिया ने थाना सिटी के एएसआइ सुखपाल सिंह मक्कड़ पर उसके साथ बेवजह मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार वह अपने भाई के खिलाफ शिकायत देने गया था। जहां पर उसके साथ मारपीट की गई। युवक जिला सिविल अस्पताल में दाखिल है। उधर, एएसआइ ने युवक की ओर से लगाए गए आरोप को निराधार बताया है।
साजन कटारिया पुत्र कमल कटारिया ने बताया कि उसका उसके भाई के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते वह अपने भाई के खिलाफ शिकायत देने के लिए बीते मंगलवार की शाम को थाना सिटी गया था। उसने थाना प्रभारी को अपनी शिकायत दी तो थाना प्रभारी ने उसे एएसआइ सुखपाल सिंह मक्कड़ को मार्क कर दिया। इस के उपरांत वह एएसआइ सुखपाल मक्कड़ के पास चला गया और अपनी शिकायत सौंपते हुए जल्दी कार्रवाई करने की मांग की। लेकिन एएसआइ ने उससे कहा कि वह बाद में आए, अभी उसके पास समय नहीं है। इस पर उसने कहा कि वह अभी दोबारा नहीं आ पाएगा, इसलिए उसकी शिकायत पर कार्रवाई कर देना। लेकिन इसी बात को लेकर एएसआइ उसके साथ मारपीट करने लगा। इतना ही नहीं सिविल वर्दी में एक अन्य पुलिस कर्मचारी ने भी उसके साथ मारपीट की। उसे काफी देर तक हिरासत में रखे रखा। उसने आरोप लगाया कि एएसआइ उसके भाई के साथ मिला हुआ है।
उधर, एएसआइ सुखपाल मक्कड़ ने साजन कटारिया के आरोप को निराधार बताया है। सुखपाल सिंह मक्कड़ ने कहा कि साजन कटारिया थाने में अपने भाई के साथ ही लड़ता रहा है। जबकि वह तो राजीनामा कराने की कोशिश कर रहा था। उसने युवक के साथ बिलकुल मारपीट नहीं की है।