कार की टक्कर से आठ फीट उछली महिला, गिरने से मौत
चड़िक रोड पर गुरुद्वारा से माथा टेककर लौट रही पैदल लौट रही महिला को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से महिला लगभग आठ फीट उछलकर सड़क पर जा गिरी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, मोगा : चड़िक रोड पर गुरुद्वारा से माथा टेककर लौट रही पैदल लौट रही महिला को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर से महिला लगभग आठ फीट उछलकर सड़क पर जा गिरी, मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौका पाकर कार सवार कार ले फरार हो गया, कुछ दूर जाकर वह एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गया, कार का पीछा कर रहे लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार कुलदीप कौर (52) पत्नी मुख्त्यार सिंह निवासी संत गुलाब सिंह नगर सोमवार को सुबह गुरुद्वारा साहिब से माथा टेकने के बाद पैदल ही अपने घर जा रही थी। चड़िक रोड पर वह सड़क के किनारे चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। कार की रफ्तार काफी तेज होने के कारण कार की हिट लगने से महिला लगभग आठ फीट ऊंचाई तक उछलकर सड़क पर जा गिरी, जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ये पूरा हादसा निकट बिल्डिगों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कार चालक का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर ही कार सवार एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गया, पीछा कर रहे लोगों ने उसे पकड़कर थाना साउथ सिटी पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना सिटी साउथ पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है। शव का मथुरादास सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
कार से टकरा बाइक में लगी आग, दो युवक गंभीर
इस घटना से एक दिन पहले फिरोजपुर रोड पर तेज रफ्तार कार की साइड लगने से बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो युवक सड़क पर जा गिरे, पेट्रोल सड़क पर बिखरने सड़क पर ही आग की लपटें उठने लगीं, युवक भी आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाकर निकट ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
मोगा के गांव घल्लकलां के रहने वाले जसप्रीत सिंह एवं बृजेंद्र सिंह मैजेस्टिक मैरिज पैलेस में एक शादी समारोह से वापस अपने गांव रविवार शाम को लगभग साढ़े पांच बजे लौट रहे थे। फिरोजपुर रोड हाईवे पर तेज रफ्तार कार की साइड लगने से दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सड़क पर गिरते ही पेट्रोल बिखरने से सड़क पर आग की लपटें उठने लगीं, दोनों युवक आग की लपटों में फंस गए। आसपास के लोगों ने दोनों युवकों को फिरोजपुर रोड पर ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये पूरी घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।