विवाहिता से अश्लील हरकतें करने व बदनाम करने के आरोप में दो गिरफ्तार
मोगा थाना अजीतवाल पुलिस ने गांव कोकारी फुला की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने व गांव में बदनाम करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, मोगा
थाना अजीतवाल पुलिस ने गांव कोकारी फुला की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने व गांव में बदनाम करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जांच अधिकारी सहायक थानेदार मनप्रीत कौर ने बताया कि शिकायतकर्ता ने कोकरी कलां के रहने वाले हरमंदर सिंह व कोकरी फुला के कुलवंत सिंह पर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि आरोपित हरमंदर सिंह उससे जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। जिसके चलते उसने कई बार उससे अश्लील हरकतें भी कीं। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो आरोपित ने उसे धमकियां देनी शुरू कर दी। इस बारे में आरोपित ने अपने दोस्त कुलवंत सिंह को उसे गांव में बदनाम करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपित कुलवंत सिंह ने उसे बदनाम करने के लिए गांव में यह प्रचार करना शुरू कर दिया कि उसके पास उसकी अश्लील तस्वीरें हैं। जब उसे इस बारे में पता चला तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस को शिकायतकर्ता विवाहिता ने बताया है कि आरोपित हरमंदर सिंह हेयर ड्रेसर है। उसने करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी बहन का रिश्ता करवाया था। जब उसकी बहन की शादी थी, तो आरोपित ने उसके साथ अश्लील हरकतें की थी। मगर, बहन का रिश्ता न टूटे इसलिए वह चुप रही। मगर, उसके बाद भी आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और जब भी मौका मिलता, वह उसे अश्लील हरकतें करता था। इस बारे में पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।