नाबालिग के साथ दुष्कर्म, तीन के खिलाफ केस दर्ज
मोगा थाना निहाल सिंह वाला के अंतर्गत आते एक गाव की 13 वर्षीय किशोरी को एक व्यक्ति अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर छह अगस्त को फुसलाकर अपने साथ ले गया और उससे दुष्कर्म किया।
संवाद सहयोगी, मोगा
थाना निहाल सिंह वाला के अंतर्गत आते एक गाव की 13 वर्षीय किशोरी को एक व्यक्ति अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर छह अगस्त को फुसलाकर अपने साथ ले गया और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित उसे अगले दिन निहाल सिंह वाला की मंडी में छोड़ गए। उधर, किशोरी के परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। इस बारे में किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इस बारे में जांच अधिकारी डीएसपी मनमोहन सिंह औलख ने बताया कि शिकायत के अनुसार आरोपित कुलविंदर सिंह अपने साथियों जीता सिंह व गुरचरन सिंह के साथ मिलीभगत करके किशोरी को बहला-फुसला कर अपने साथ अपने घर के चौबारे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद सात अगस्त को कुलविंदर सिंह ने अपने एक जानकार मोटरसाइकिल सवार को अपने घर बुलाया और पीड़िता को लड़कों वाले कपड़े पहना कर मोटरसाइकिल पर सब्जी मंडी निहाल सिंह वाला छोड़ आए। इस बारे में पीड़िता ने आपबीती अपने परिजनों को बताई। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने इस बारे में किशोरी की मेडिकल जांच करवा ली है।
पुलिस ने जांच के बाद आरोपित कुलविदर सिंह के खिलाफ दुष्कर्म करने तथा जीता सिंह व गुरचरन सिंह के खिलाफ आरोपित का साथ देने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।