दिनभर बारिश से अधिकतम तापमान और गिरा
शहर में मौसम एक बार फिर खलनायक बन गया। सुबह से कभी रिमझिम तो कई बार तेज पानी बरसा।
जागरण संवाददाता, मोगा :
शहर में मौसम एक बार फिर खलनायक बन गया। सुबह से कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश के बाद अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सिस और लुढ़क कर 13 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जिससे पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। हालांकि न्यूनतम तापमान उछलकर 11 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून को भी बारिश होने का अनुमान है, जबकि 24 जून से मौसम खुलना शुरू हो जाएगी। 26 जनवरी को आसमान पूरी तरह साफ हो सकता है।
शहर में शनिवार सुबह 10 बजे से तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई थी। हवाएं 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जिससे सर्दी ज्यादा बढ़ गई। शाम के समय गरज के साथ बारिश पड़़ी। पूरे दिन आधा घंटे भी बारिश लगातार नहीं थमी, जिस कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। दिन के समय भी बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा,सिर्फ प्रत्याशी ही मौसम के इस सन्नाटे को तोड़ते हुए नजर आए। वीक एंड होने के कारण ज्यादातर समय तो लोग घरों से बाहर ही नहीं निकले
लगातार 24वें दिन सूरज एक पल के लिए भी नहीं निकला। बारिश के कारण शहर के प्रमुख रास्तों पर जलभराव व कीचड़ जम जाने के कारण पैदल निकलने वालों का काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा, वाहनों का चलना भी मुश्किल हो रहा था, लोग काफी धीमी गति से वाहन चलाते हुए दिखे। सुबह 10 बजे शुरू हुआ बारिश का दौर रात को आठ बजे तक जारी था। कृषि माहिरों का मानना है कि बारिश से गेहूं की फसल को फायदा मिलेगा।