निगम की लापरवाही से श्री राम पार्क की बिगड़ी दशा
श्री राम पार्क की बाहरी दीवार न होने के कारण वहां पर आज भी कुछ मलबा पड़ा हुआ है।
संवाद सहयोगी, मोगा : मंडी रामगंज में स्थित श्रीराम पार्क जिसे स्माइल इंडिया एनजीओ ने गोद लेकर नया रूप देने का प्रयास करके रंग रोगन करवाया था। लेकिन वर्ष 2018-19 में नगर निगम द्वारा अवैध कब्जे हटवाए गए थे। जिस कारण श्री राम पार्क की दीवार टूटने सहित पार्क को काफी नुकसान हुआ था, लेकिन नगर निगम ने पार्क की हालत सुधारने का कोई प्रयास नहीं किया। ऐसे में श्री राम पार्क की बाहरी दीवार न होने के कारण वहां पर आज भी कुछ मलबा पड़ा हुआ है। इसके साथ ही पार्क में अब लावारिस पशुओं का बसेरा बनता जा रहा है। हमने लिया था पार्क को गोद
स्माइल इंडिया एनजीओ के पदाधिकारी साहिल बांसल ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा पार्क में रंग रोगन करवाया था। लेकिन गत दिनों नगर निगम द्वारा हटाए गए कब्जों के दौरान इस पार्क को भी बहुत नुकसान पहुंचा था। उन्होंने कहा कि अब इस पार्क की बाहरी दीवार न होने के कारण आज पार्क की मिट्टी बिखर रही है। इसके अलावा पार्क में लगे उपकरण खस्ता हाल होने को है। उन्होंने बताया कि नगर निगम को न शहर के पार्कों की हालत को सुधारने के साथ-साथ पार्कों में मालियों का प्रबंध करवाना चाहिए। पशुओं का अड्डा बना पार्क
श्रीराम पार्क को स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पैसे इकट्ठे कर सुदंर रूप दिया था। लेकिन पार्क की हालत आज खस्ता हो चुकी है। जिसका मुख्य कारण नगर निगम की अनदेखी है। क्योंकि गत दिनों निगम द्वारा हटाए कब्जों के साथ पार्क की दीवार के साथ बने खोखे उठाए गए थे। लेकिन नगर निगम ने पार्क की दीवार करने कीे कोशिश नहीं की। जिसके कारण पार्क में पशु आ बैठते हैं जिसके कारण पार्क की घास व अन्य पौधे खराब हो रहे है। बच्चों के लिए लगाए झूले भी हो रहे है खराब
इलाका वासी कालीचरण ने कहा कि श्री राम पार्क मंडी राम गंज की शोभा बढ़ा रहा था। वही उक्त इलाके के आस-पास के बच्चों के लिए मनोरंजन का केन्द्र बना हुआ था। पार्क में लगाए झूलों पर छुट्टी वाले दिन जहां बच्चें मस्ती करते थे। वही आस पास के बुजुर्गों के लिए समय व्यतीत करने में अच्छा योगदान दे रहा था। नगर निगम को चाहिए कि पार्क को पूर्व की भांति नया रूप देने में सहयोग करते हुए दीवार करवाई जाए।