काली दीवाली व दशहरा मनाने वालों का करेंगे बहिष्कार: राम बचन
। शिवसेना हिदुस्तान सभी धर्मों का सम्मान करती हैं और पार्टी ने हमेशा आपसी प्रेम व सद्भावना का संदेश दिया है।
संवाद सहयोगी,मोगा
शिवसेना हिदुस्तान सभी धर्मों का सम्मान करती हैं और पार्टी ने हमेशा आपसी प्रेम व सद्भावना का संदेश दिया है। अगर कोई आंदोलन के नाम पर हिदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाएगा तो ऐसी साजिश रचने वालों का बहिष्कार किया जाएगा।
यह बात शिवसेना हिंदुस्तान के पंजाब उपाध्यक्ष राम बचन राय ने रविवार को जारी एक बयान में कही। राम बचन राय ने कहा कि काली दीवाली और दशहरा मनाने के बयान देने वाले लोग पंजाब का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को सोच-समझ कर बयानबाजी करनी चाहिए ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के प्रमुख त्योहार दशहरा व दीपावली के साथ-साथ अन्य उत्सवों को लेकर अगर कोई गलत बयानबाजी करता है तो उसका विरोध किया जाएगा। हिदुओं के त्योहारों के खिलाफ अपशब्द या गलत संदेश देने की बात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन का सरकार या किसी राजनीतिक दल से नाराजगी हो सकती है, लेकिन काली दीवाली या काला दशहरा मनाने की बात कहना गलत है। जो ऐसा कहेगा, उसका हिंदू समाज बायकाट करेगा। शिवसेना हिदुस्तान ऐसा हरगिज बर्दाश्त नहीं करेगी।