दूसरी पत्नी ने किया केस, पति ने की आत्महत्या
मोगा पत्नी की मौत के बाद बचों की परवरिश के लिए एक व्यक्ति ने दूसरी शादी रचा ली। मगर दूसरी पत्नी भी कुछ साल बाद ही सौतेले बचों को छोड़कर मायके चली गई और उसने अपने पति पर केस कर दिया। इस बात से परेशान पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, मोगा
पत्नी की मौत के बाद बच्चों की परवरिश के लिए एक व्यक्ति ने दूसरी शादी रचा ली। मगर, दूसरी पत्नी भी कुछ साल बाद ही सौतेले बच्चों को छोड़कर मायके चली गई और उसने अपने पति पर केस कर दिया। इस बात से परेशान पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी चौकी फोकल प्वाइंट में तैनात एएसआइ लखबीर सिंह लक्खा ने दी है।
उन्होंने बताया कि 48 वर्षीय हरदेव सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी गोधेवाला की पत्नी की कई वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसका एक छोटा बेटा व एक बेटी है। अपने बच्चों की परवरिश के लिए उसने गांव बहोना की रहने वाली एक महिला से शादी की थी। शादी के बाद दूसरी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया था। मगर ,कुछ महीने बाद पति-पत्नी में अनबन हो गई। जिसे देखते हुए दूसरी पत्नी ने अदालत में केस दायर कर दिया। इस बात से हरदेव सिंह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। सोमवार देर रात उसने अपने घर में ही पंखे से फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि इस बार में पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर कार्रवाई की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है।