श्री सनातन धर्म हरि मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक महायज्ञ
। श्री सनातन धर्म हरि मंदिर में सावन महीने के उपलक्ष्य में रुद्राभिषेक महायज्ञ करवाया गया।
संवाद सहयोगी, मोगा
श्री सनातन धर्म हरि मंदिर में सावन महीने के उपलक्ष्य में रुद्राभिषेक महायज्ञ करवाया गया। पंडित पवन गौड़ की अगुआई में रुद्राभिषेक की विधि को पूरा करवाया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की।
सर्वप्रथम समस्त सदस्यों ने गणपति पूजन और नवग्रह पूजन किया। इस दौरान सत्यनारायण गोयल ने परिवार सहित पूजन करके रुद्राभिषेक किया। पंडित पवन गौड़ ने रुद्राभिषेक की महत्ता बताते कहा कि सावन का महीना भगवान का अति प्रिय महीना है। इस महीने में रोजाना रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। भगवान शिव के ग्यारह रुद्र रूपों का वेद मंत्रों से पंचामृत से स्नान करना और भगवान शिव के साथ लक्ष्मी जी सहित भगवान विष्णु का पूजन किया जाता है। रोगों के निवारण के लिए 31 चीजों से भगवान मृत्युंजय का पूजन करना होता है। रुद्राभिषेक करने से प्रसन्न होकर भगवान शिव भक्त की समस्त मनोकामना पूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को खत्म करने के लिए हमें अधिक से अधिक भगवान के नाम का सिमरन तथा पूजन करना चाहिए।