राम शरणम आश्रम में प्रार्थना सभा करवाई
श्री राम शरणम आश्रम में वीरवार की सायं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, मोगा : श्री राम शरणम आश्रम में वीरवार की सायं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। भारी संख्या में साधक भाई-बहन दूर-दूर से गुरु चरणों में नतमस्तक होने के लिए आए। प्रार्थना सभा का प्रारम्भ धुन दीनबंधु दीनानाथ के मधुर उच्चारण के साथ नन्ही बच्ची परी जिंदल ने किया गया। उसके उपरांत आंचल चावला ने भजन तेरी कृपा ही मेरा सब कुछ हो मेरे सतगुरु प्यारे, नीना खुराना ने गुरुदेव चरण कमलों में मुझे आप लगाए रखना जी, का गायन किया। साधकों ने भजनों का पूरा आनंद लिया। प्रार्थना सभा का संचालन कर रहे प्रदीप भैया ने कहा हम सब कितने भाग्यशाली हैं जिन्हें गुरु चरणों की ओट व सहारा मिला। हम किस प्रकार से वहम व बुराइयों में फंसे हुए थे। यह तो गुरु महाराज की हम पर विशेष कृपा है, जिन्होंने हमें जीने का सही मकसद व लक्ष्य बताया। बुराइयों से बाहर निकल नाम सिमरन की विधि बताई। हम सब में सेवा का भाव जगाया। यह सब गुरु महाराज की विशेष कृपा है जिससे हमें सही गलत का ज्ञान हुआ। उन्हीं के दर्शाए मार्ग पर चलकर अपना जीवन सफल बनाना है। सेवा सिमरन सत्संग हमारे जीवन का लक्ष्य होना चाहिए। प्रदीप भैया ने बताया कि गोहाना में 90 दिवसीय महाजप यज्ञ चल रहा है। उसमें शामिल होने वाले मोगा के साधक भाई बहनों के लिए विशेष प्रार्थना की गई।