बंद को सफल बनाने के लिए लोगों को किया लामबंद
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ 29 जनवरी को मोगा बंद के लिए विभिन्न संगठनों ने तैयारी शुरू कर दी हैं।
संवाद सहयोगी, मोगा : नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ 29 जनवरी को मोगा बंद के लिए विभिन्न संगठनों ने तैयारी शुरू कर दी हैं। बंद को सफल बनाने के लिए भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) के प्रदेश अध्यक्ष वीरभान दानव ने शहर में विभिन्न समाज की अलग-अलग दस बैठकें कर 29 के बंद को सफल बनाने की अपील की। वहीं विभिन्न संगठनों के तत्वावधान में बंद को सफल बनाने के लिए चल रही तैयारियों को लेकर प्रशासन व पुलिस भी सक्रियता भी बढ़ गई है।
भारत बंद के तहत होने वाले बंद की सफलता की रणनीति तैयार करने के लिए शुक्रवार को दिल्ली से वामसेफ के नेता अशोक वर्मा भी मोगा पहुंचे, उन्हें पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। विभिन्न बैठकों को संबोधित करते हुए भावाधस के प्रदेश अध्यक्ष वीरभान दानव ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ ये आर-पार की लड़ाई है, जिसे हर हाल में जीत में तब्दील किया जाएगा।
इसी क्रम में अकालसर रोड पर मुस्लिम समुदाय के सदस्यों के साथ भी भावाधस नेता वीरभान दानव व वामसेफ के नेता अशोक वर्मा ने बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भावाधस के प्रदेश अध्यक्ष वीरभान दानव, सोनू वाहिद, इजराइय अली, मुहम्मद मुस्फीक, सतपाल अंजान, सोमनाथ चोबड़, हरबंस सागर ने 29 जनवरी को मोगा बंद को पूर्ण सफल बनाने का संकल्प लिया।
सीएए के विरोध में बंद का आव्हान करने वाले नेता वीरभान दानव ने फिर दोहराया कि सीएए का समर्थन कर रहे लोग समाज के दबे, कुचले वर्ग को जवाब दें, आज भी भारत में बहुत सारे लोग जिनके पास किसी भी प्रकार का डॉक्यूमेंट नहीं है। उनके लिए कानून में क्या व्यवस्था है? क्या उन्हें डॉक्यूमेंट न होने की वजह से देश छोड़ना पड़ेगा, उनकी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। अगर डॉक्यूमेंट के अभाव में उन्हें भारत में जन्म लेने के बावजूद देश से निकाल दिया जाएगा तो ये घोर अमानवीयता है, इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके ऑल इंडिया उलामा मसाइक बोर्ड के जिलाध्यक्ष सोनू वाहिद, सतपाल अंजान, जगतार सिंह, सोमनाथ चोबड़ आदि मौजूद थे।