चीन का विरोध राष्ट्रीय भावना का सुबूत : भानु प्रताप
मोगा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पंजाब प्रधान भानु प्रताप राना के नेतृत्व में सोमवार को जोगिदर सिंह चौक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित चीन निर्मित वस्तुओं का पुतला फूंका गया।
संवाद सहयोगी, मोगा
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पंजाब प्रधान भानु प्रताप राना के नेतृत्व में सोमवार को जोगिदर सिंह चौक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित चीन निर्मित वस्तुओं का पुतला फूंका गया। इस मौके पर पंजाब के मीडिया इंचार्ज व मोगा के प्रभारी एडवोकट अशोक सरीन हिक्की व जिला भाजपा प्रधान विनय शर्मा, उपाध्यक्ष सुनील गर्ग एडवोकेट, मनीष मेनराय, महामंत्री बोहड़ सिंह, सरदूल कंग आदि उपस्थित थे।
पहली बार मोगा प्रवास पर आए भाजयुमो पंजाब प्रधान भानु ने इससे पहले स्थानीयशहीदी पार्क में 25 जून, 1989 को आरएसएस के शहीद हुए 23 कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी। उसके बाद चीन के खिलाफ प्रताप रोड चौक पर पुतला फुंक प्रदर्शन किया। भानु ने चीन की वजह से बलिदानी हुए भारतीय सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि भारत में चीन का विरोध राजनीतिक नहीं बल्कि यह हर भारतीय की राष्ट्र सर्वप्रिय भावना का सुबूत है। जिस पर एक तरफ कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक स्वार्थो की पूर्ति के लिए बेबुनियाद सवाल उठा रही है, वहीं दूसरी तरफ देश की सेना व मोदी सरकार चीन को हर तरफ से घेर कर ठोस जवाब दे रही है। इस देश विरोधी सोच के लिए लोग कांग्रेस को माफ नहीं करेंगे।
भानु ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ने युवाओं, व्यापारियों, किसानों, बुजुर्गो व हर वर्ग से चुनावी वादे करके धोखा किया है। जिसका जवाब जनता आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेसमुक्त पंजाब बना कर देगी।
इस अवसर पर जिला भाजपा प्रधान विनय शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार पर हर भारतवासी को विश्वास है कि देश की एक इंच जमीन पर भी चीन अब अपना हक नहीं दिखा पाएगा। केंद्र सरकार का पूरे विश्व के देशों के साथ अच्छा समन्वय होने के चलते चीन पहली बार अलग-थलग पड़ गया है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के चलते संभव हुआ है। इस मौके पर बोर्ड सिंह, सरदुल सिंह, एडवोकेट सुनील गर्ग, कुलवंत राजपूत, राकेश भल्ला, विक्की सितारा, कशिश धमीजा, साहिल मित्तल, राजन सूद, दीप सहोता, श्रेय गर्ग, गुरवरिदर काली व अन्य युवा भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।