घर से चोरी की 12 बोर राइफल समेत एक गिरफ्तार
थाना सिटी वन पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना पर एक व्यक्ति को बाबा ईशर सिंह नगर स्थित एक घर से चोरी की गई 12 बोर की राइफल व तीन कारतूस समेत को काबू कर केस दर्ज किया है।
राज कुमार राजू,मोगा
थाना सिटी वन पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना पर एक व्यक्ति को बाबा ईशर सिंह नगर स्थित एक घर से चोरी की गई 12 बोर की राइफल व तीन कारतूस समेत को काबू कर केस दर्ज किया है। आरोपित जिला फिरोजपुर के गांव केहर सिंह वाला का रहने वाला है। गिरफ्तार किए गए आरोपित के खिलाफ पहले भी कई थानों में केस दर्ज हैं।
थाना सिटी वन में शिकायत दर्ज करवाते हुए सुरजीत सिंह पुत्र मल्हार सिंह बाबा ईशर सिंह नगर ने बताया कि वह सात मार्च को घर को ताला लगाकर काम से बाहर गया था। आठ मार्च को उसका दोस्त गुरप्रीत सिंह उसके घर पहुंचा तो देखा कि ताले टूटे हुए थे। उसने उसे इसकी सूचना दी। जब वह नौ मार्च को घर पहुंचा तो देखा कि 12 बोर राइफल चोरी हो चुकी थी। सहायक थानेदार जगमोहन सिंह ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
इस संबंध में डीएसपी सिटी बरजिदर सिंह भुल्लर ने बताया कि 13 फरवरी को सहायक थानेदार जगमोहन सिंह, सीनियर सिपाही जगसीर सिंह आदि जीरा रोड पर मौजूद थे। उन्हें सूचना मिली कि गांव धल्लेके नहर की पटरी के पास एक व्यक्ति बैठा हुआ है। उसने पास में ही 12 बोर की बंदूक छिपाई हुई है। उन्होंने कार्रवाई करते हुए गुरसेवक सिंह निवासी फिरोजपुर को राइफल व कारतूस सहित काबू कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आरोपित पर पहले भी कई केस दर्ज
गिरफ्तार किए गए आरोपित गुरसेवक सिंह के खिलाफ 12 मार्च 2015 को थाना सिटी फरीदकोट में केस दर्ज किया गया था। एक अक्टूबर 2019 को धारा 380 के तहत थाना सिटी श्री मुक्तसर साहिब में केस दर्ज हुआ था। 16 अक्टूबर 2019 को धारा 454, 380 के तहत थाना सिटी श्री मुक्तसर साहिब में केस दर्ज किया गया। एसएसपी ने दी असलहा धारकों को चेतावनी
एसएसपी मोगा हरमनबीर सिंह गिल ने असला धारकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जिन लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं, अगर वे घर से ज्यादा समय के बाहर रहते हैं तो संबंधित थाने या असलहा डीलर के पास अपने हथियार जमा करवाएं। अगर कोई व्यक्ति ऐसा नहीं करता है और उसका हथियार चोरी हो जाता है तो असलहा धारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।