पारा पहुंचा 42 डिग्री के पार, लू के थपेड़ों ने किया बेचैन
शहर में 24 घंटे के दौरान मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। वीरवार की शाम सुहानी थी। शुक्रवार को पारा 42 के पार जा पहुंचा।
जागरण संवाददाता, मोगा : शहर में 24 घंटे के दौरान मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। वीरवार की शाम सुहानी थी। शुक्रवार को पारा 42 के पार जा पहुंचा। दोपहर में लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस पर जाकर थमा। शनिवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार करने की संभावना है। शुक्रवार को पहली बार लू के थपेड़ों ने दोपहर में बेचैनी पैदा कर दी। वीरवार को अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिन भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान शहर का तापमान सोमवार को 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। 28 मई के बाद मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।