मोगा के गगनदीप सिंह का आर्मी बाय स्पोर्ट्स कंपनी पुणे में चयन
। मोगा स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ी गगनदीप सिंह का आर्मी बाय स्पोर्ट्स कंपनी पुणे में चयन हुआ है।
संवाद सहयोगी, मोगा
मोगा स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ी गगनदीप सिंह का आर्मी बाय स्पोर्ट्स कंपनी पुणे में चयन हुआ है। देशभर से कंपनी में चयन के लिए ट्रायल देने वाले करीब आठ हजार बच्चों में से देश से सिर्फ 14 बच्चों का चयन हुआ है, जिसमें पंजाब के दो बच्चों में से एक मोगा का गगनदीप सिंह है।
आर्मी स्पोर्ट्स बाय स्पोर्ट्स कंपनी भारतीय सेना की कंपनी है, जो खेल के माध्यम से खिलाड़ियों की सेना में भर्ती करती है। शहर के डीएन माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाला 14 साल का गगनदीप नौवीं कक्षा का छात्र है। कंपनी में चयन के लिए ट्रायल स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया लेती है। अथारिटी की ओर से वीरवार को घोषित परिणाम में गगनदीप ने ये बड़ी सफलता हासिल की है। मोगा स्पोर्ट्स एकेडमी के कोच हरीश ठाकुर ने बताया कि कंपनी में चयनित खिलाड़ियों की उम्र साढ़े 17 साल होने पर उसे भारतीय सेना का अंग बना दिया जाता है। गगनदीप सिंह ने हरीश ठाकुर से ही ट्रेनिग ली थी, मोगा के लिए बास्केटबाल में ये उपलब्धि पहली बार किसी ने हासिल की है।
गगनदीप की इस सफलता पर एकेडमी ने गगनदीप सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एकेडमी के कोच हरीश ठाकुर ने बताया कि महाराष्ट्र के पुणे शहर में अप्रैल के महीने में फिजिकल ट्रायल हुआ था। गगनदीप सिंह तीन सालों से हरीश के निर्देशन में ट्रेनिग ले रहा था।
छह साल से निश्शुल्क ट्रेनिंग दे रहे हैं हरीश ठाकुर
भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हरीश ठाकुर स्वामी वेदांतानंद पार्क में पिछले छह साल से बच्चों को निश्शुल्क ट्रेनिग दे रहे हैं। उनकी एकेडमी में कोई भी बच्चा आकर मुफ्त ट्रेनिंग ले सकता है। खास बात ये है कि उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर भी उनके साथ ही बच्चों को ट्रेनिग देती हैं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद हरीश ठाकुर व उनकी पत्नी दोनों ही बास्केटबाल को समर्पित हैं। फौजी अनुशासन के साथ हर रोज वे हर मौसम में मैदान में होते हैं, बड़ी संख्या में बच्चे उनसे ट्रेनिग ले रहे हैं। हरीश ठाकुर से ट्रेनिग लेने वाले आठ खिलाड़ी इस समय राष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं। इस मौके पर कुलदीप सिंह भी मौजूद थे।