मोगा के पास शादी समाराेह से लौट रहे चार युवकों की हादसे में मौत, पांच घायल
पंजाब के मोगा के पास देर रात भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। वे एक शादी समारोह से अपने वाहन में लौट रहे थे।
मोगा, जेएनएन। यहां एक भीषण सड़क दुर्घटना में चाह युवकों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वे एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने वाहन में लौट रहे थे। उनकी बोलेरो गाड़ी की एक बस से टक्कर हो गई। ये लोग मोगा में एक शादी समारोह से बरनाला जिले के गांव ताजोके जा रहे थे।
घायलों में से तीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। दो घायल लोगाें को निहालसिंहवाला के दीप अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, बरनाला जिले के तपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव ताजोके से एक बरात मोगा आई थी। शादी समारोह के बाद बरात में आए युवक बोलेरो में वापस जा रहे थे।
बोलेरो मोगा बरनाला हाईवे पर गांव बोड़े के निकट पहुंची तभी विपरीत दिशा से आ रही मालवा बस सर्विस की एक निजी बस के साथ उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। बस में सिर्फ ड्राइवर था। भिड़ंत में बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया।
डीएसपी मनजीत सिंह के अनुसार मृतकों की पहचान दूल्हे के चहेरे भाई इकबाल सिंह, सुखदीप सिंह, भूषण एवं लक्खा के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 22 साल से लेकर 26 साल के बीच में है। चारों के दो-दो बच्चे बताए जा रहे हैं। तीन घायलों को मोगा रेफर किया गया है, जबकि दो घायलों को निहालसिंहवाला के दीप अस्पताल में भर्ती कराया गया है।