निगम चुनाव के लिए भाजपा ने ठोकी ताल, रणनीति पर सांपला से की चर्चा
नगर निगम के अक्टूबर के मध्य में संभावित चुनावों के लिए भाजपा ने ताल ठोंक दी है।
जागरण संवाददाता, मोगा : नगर निगम के अक्टूबर के मध्य में संभावित चुनावों के लिए भाजपा ने ताल ठोक दी है। जिलाध्यक्ष विनय शर्मा एवं महामंत्री बोहड़ सिह ने इस संबंध में मोगा नगर निगम चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा नेतृत्व की ओर से बनाए गए प्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला के साथ मुलाकात कर चुनाव प्रबंधन व रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। प्रभारी विजय सांपला खुद ही 13 अगस्त को मोगा पहुंच रहे हैं, ताकि भाजपा की पूरी टीम के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा कर चुनाव प्रबंधन को अंतिम रूप दिया जा सके।
चुनावी रणनीति पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री के साथ चर्चा कर वापस लौटे भाजपा जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस सत्ता के दम पर चुनाव जीतने का सपना देख रही है, ये सपना उसका पूरा होने वाला नहीं है। क्योंकि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं की नीति व नीयत सभी समझ चुके हैं। ये लोग पहले विकास के काम रुकवाते हैं, बाद में अपने फोटो खिचाकर ड्रामा करते हैं।
मुख्यमंत्री 45 दिन में नशा मुक्ति का दावा करते हैं, लेकिन कांग्रेस के बड़े नेता नशा बिकवाने के नाम पर थानेदारों से महीनेदारी मांगते हैं। निजी लड़ाई के लिए दुकानदारों को मोहरा बना लेते हैं, ये सारे हालात शहर की जनता ने भोगे हैं, देखे हैं, ऐसे में जनता इस समय भाजपा की ओर देख रही है। जनता के विश्वास को कायम रखने के लिए भाजपा ने महिला मोर्चा, युवा मोर्चा सहित सभी मोर्चों व प्रकोष्ठों को सक्रिय कर दिया है, ताकि मजबूत चुनाव प्रबंधन के साथ जनता के बीच जाकर अपनी नीति व नीयत स्पष्ट कर सकें।