संगीत जगत में फैली गंदगी को दूर करने के लिए लिखता हूं गीत : हरमनजीत
संगीत जगत में फैली गंदगी को दूर करने के लिए अच्छे गीत लिखता हूं।
गुरप्रेम लहरी, मानसा : संगीत जगत में फैली गंदगी को दूर करने के लिए अच्छे गीत लिखता हूं। मैं गीत सिर्फ पैसा कमाने के लिए नहीं बल्कि एक मैसेज देने के लिए लिखता हूं। धार्मिक गीत सुनता था तो मुझे वे सत्ही लगते थे, उनमें गहराई नहीं होती थी। इसलिए ही आर नानक-पार नानक के बाद धार्मिक गीतों की एक लड़ी हमने रिकार्ड कराई है। यह विचार प्रसिद्ध गीतकार व लेखक हरमनजीत सिंह ने व्यक्त किए। वह अपने गांव ख्याला में दैनिक जागरण के साथ विशेष बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि हो सकता है कि पहले गीतकारों को मेहनताना न मिलता हो या कम मिलता हो लेकिन आज ऐसा नहीं है। अब गीतकारों को उनका पूरा हक मिलता है।
हरमनजीत ने कहा कि चल रहे गीतों से मन ऊब गया था। उनकी किताब रानी तत्त संगीत इंडस्ट्री के लोगों द्वारा भी पढ़ी गई थी। ऐसे में गीत रिकार्ड कराने में भी कोई दिक्कत नहीं आई। मेरा पहला गीत अमरिदर गिल की फिल्म सरवन के लिए गायक गुरशब्द की आवाज में राजिया रिकार्ड हुआ। इसके बाद कभी पीछे मुड़ कर भी नहीं देखा। लेकिन कभी भी कर्मशियल गीत लिखने की बात मन में नहीं आई। अच्छे गीत भी कर्मशियल हो सकते हैं, ऐसा साबित हो चुका है। चमक दमक से दूर सहज अवस्था में रहें
गीतकार हरमन का कहना है कि हमें चमक-दमक से दूर होकर सहज होकर रहना चाहिए। असल में ऐसा बहुत कुछ है जो हम भागदौड़ की जिदगी में गंवा देते हैं। हमें गुरबाणी व अध्यात्मकता की ओर भी ध्यान देना चाहिए। इससे सहजता का आभास होता है।
किताब रानी तत्त को मिला नेशनल अवार्ड हरमनजीत ने जब अपनी पहली किताब रानी तत्त लिखनी शुरू की तो उनको काफी लोगों ने कहा कि आजकल पाठक कोई नहीं है। किताबें लिखने का कोई फायदा नहीं है। लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी और अपनी किताब रानी तत्त को पूरा किया और उसको खुद ही प्रकाशित किया। लेकिन उसका गजब का रिस्पांस मिला। भारतीय साहित्य अकादमी ने उनको 2017 में नेशनल युवा अवार्ड से सम्मानित किया। उनका कहना है कि अगर आपकी किताब में कंटेंट बढि़या है तो लोग पढ़ते हैं। अब दूसरी किताब पर काम चल रहा है।
हरमन के चर्चित गीत
तूं लौंग वे मैं लाची- मन्नत नूर
आर नानक-पार नानक- दिलजीत
मिट्टी दा पुतला-
पानी रावी दा-अमरिदर गिल व सुनिधि चौहान
गुत्त च लाहौर- अमरिदर गिल व सुनिधि चौहान
वंग दा नाप- एमी विर्क
कुडियां केस वाहुंदियां-मनप्रीत
- 10 गुरुओं पर गीतों की लड़ी- मनप्रीत