आठ दिन में तीसरी बार टूटा अतला ब्रांच का रजवाहा, सैंकड़ों एकड़ फसल जलमग्न
गांव ख्यिाला कलां के पास से गुजरने वाला अतला ब्रांच रजवाहा पिछले आठ दिन में तीसरी बार टूटा है। रविवार को टूटे रजवाहे से गांव ख्यिालां कलां के किसानों की सैकडों एकड़ फसल पानी में डूब गई।
जासं, मानसा : गांव ख्यिाला कलां के पास से गुजरने वाला अतला ब्रांच रजवाहा पिछले आठ दिन में तीसरी बार टूटा है। रविवार को टूटे रजवाहे से गांव ख्यिालां कलां के किसानों की सैकडों एकड़ फसल पानी में डूब गई। प्रभावित किसान प्यारा सिंह, पप्पू सिंह, मक्खन सिंह, मिट्ठू सिंह, तेजा सिंह, दर्शन सिंह व राकेश कुमार ने कहा कि रजवाहे के पानी ने उनकी नरमे की फसल के अलावा गेहूं की बोई फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि यह रजवाहा पिछले आठ दिन में तीसरी बार टूटा है। जिसे किसानों ने खुद भरा है। किसानों ने कहा कि रजवाहा टूटने के बाद नहरी विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रजवाहे का जायजा लेने तक नहीं आया है, जिसके चलते किसानों को खुद अपनी मेहनत से रजवाहे को बंद करना पड़ा है।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते कहा कि जब टेल पर किसानों को पानी की जरूरत होती है तो पानी नहीं छोड़ा जाता। लेकिन अब जरूरत नहीं होने पर पानी छोड़कर फसल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
किसान कर देते है मोघे को बंद : जेई
इस संबंध में नहरी विभाग के जेई जसकरन सिंह ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को लगाकर रजवाहे की दरार बंद करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान रजवाहे के मोघे को बंद कर देते है। जिसके चलते पानी का स्तर बढ़ जाता है ओर रजवाहा बार-बार टूट जाता है।