20 जुलाई से खुलेंगे लुधियाना, पटियाला व बठिंडा के चिड़ियाघर, कोविड प्रोटोकाल का करना हाेगा पालन
राज्य के वन और जंगली जीव सुरक्षा विभाग ने छतबीड़ समेत लुधियाना पटियाला बठिंडा और नीलो चिड़ियाघरों को 20 जुलाई से कोविड प्रोटोकाल के साथ खोलने का एलान किया है।यहां आने वाले लोगों के लिए अलग- अलग स्लाट में सीमित संख्या में टिकटें उपलब्ध होंगी।
लुधियाना, चंडीगढ़, जासं। राज्य के वन और जंगली जीव सुरक्षा विभाग ने छतबीड़ समेत लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और नीलो चिड़ियाघरों को 20 जुलाई से कोविड प्रोटोकाल के साथ खोलने का एलान किया है। छतबीड़ चिड़ियाघर सोमवार को छोड़ कर हफ्ते में छह दिन सुबह 9.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक खुलेगा। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर पर्यटक शारीरिक दूरी व सीमित संख्या में चिड़ियाघर में दाखिल होंगे। यहां आने वाले लोगों के लिए अलग- अलग स्लाट में सीमित संख्या में टिकटें उपलब्ध होंगी और टिकटें दो घंटों के लिए ही वैध मानी जाएंगी।
आनलाइन भी मिलेंगी टिकटें
टिकटें आनलाइन भी उपलब्ध होंगी। इसकी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है। आनलाइन बुकिंग न करवा सकने वाले पर्यटकों के लिए चिडि़याघर के बुकिंग काउंटर में क्यूआर कोड प्रणाली और पीओएस. मशीनों की सहूलियत भी उपलब्ध होगी। लोगों की सुरक्षा को यकीनी बनाने के लिए स्थिति सामान्य होने तक वाइल्ड लाइफ सफारी व रेपटाइल हाउस बंद रहेंगे।
कोविड नियमों का पालन किया जा रहा, बिना मास्क एंट्री नहीं
टाइगर सफारी के एक साल बाद दोबारा खुलने पर रोजाना 100 और वीकेंड पर 200 के करीब विजिटर्स आएंगे। इसी तरह से चिड़ियाघर में वीकेंड में साढ़े चार सौ से 500 के करीब विजिटर्स आ रहे थे। जबकि रूटीन में 200 के बीच विजिटर्स आ रहे हैं। रविवार की ही करें तो टाइगर सफारी में मात्र 21 टिकटें ही बिकी जबकि चिड़ियाघर में विजिटर्स की संख्या 100 से 150 के बीच पहुंच गई है, जोकि आधे से भी कम हो चुकी है। दूसरी तरफ टाइगर सफारी और लुधियाना चिड़ियाघर के इंचार्ज नरिदर ने कहा कि कहा कि विजिटर्स की रौनक यहां से कम हो रही है।
टाइगर सफारी के एक साल बाद और चिड़ियाघर के नौ महीने बाद खुलने के बाद ऐसा लगा था कि अब यह विजिटर्स के साथ फिर से गुलजार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों ही जगह कोविड-19 पर हर गाइडलाइंस को पूरी तरह से फालो किया जा रहा है। बिना मास्क किसी विजिटर्स की यहां एंट्री नहीं होती।