जन्मदिन वाले दिन युवक ने पंखे से लटककर दी जान
लुधियाना प्रेम नगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपने जन्मदिन वाले दिन शुक्रवार दोपहर को पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
जागरण संवाददाता, लुधियाना: प्रेम नगर इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपने जन्मदिन वाले दिन शुक्रवार दोपहर को पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। 19 साल का मृतक जगमीत कुमार उर्फ यश प्रेम नगर के कूचा नंबर 16 का रहने वाला था। जगमीत का एक छोटा भाई है, जोकि नौवीं कक्षा का छात्र है। जगमीत एक दवाई की दुकान पर काम करता था। मृतक की मां देवी ने बताया कि शुक्रवार को जगमीत का जन्मदिन था। सुबह वह अपने दोनों बेटों को लेकर उनकी नानी के घर चली गई। दोपहर के समय जगमीत वहां से वापस अपने घर आ गया। जब वह चार बजे के करीब घर लौटी, तो देखा कि जगमीत ने पंखे से चुन्नी के सहारे लटक कर खुदकुशी कर ली है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि जगमीत का शुक्रवार को जन्मदिन था । उसने खुदकुशी क्यों की, इस बारे में उन्हें कुछ पता नहीं है। वहीं पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं वीरवार को भी खन्ना में एक लैब संचालक युवक ने मानसिक परेशानी के कारण कमरे में पंखे के साथ फंदा लगाकर जान दे दी थी। मृतक की पहचान जेठी नगर खन्ना के तीस वर्षीय जरनैल सिंह के रूप में हुई है। एएसआइ सुखदेव सिंह ने बताया कि मृतक जरनैल सिंह की पत्नी सुखजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसका विवाह छह साल पहले जरनैल सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद बेटा हुआ। बच्चे की दो साल बाद अचानक मौत हो गई थी। बच्चो की मौत के बाद उसका पति मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वीरवार को सुबह परिवार के सदस्य जागे तो वह पंखे के साथ लटक रहा था। इसकी मौत हो चुकी थी।