ईयर एंडर 2021: लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट साल भर विवादों में रहा, भाजपा ने गेट पर जड़ दिया था ताला
माडल टाउन एक्सटेंशन में पौने चार एकड़ जमीन को औने पौने दाम पर बेचे जाने को लेकर लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट और चेयरमैन रमन बाला सुब्रह्मण्यम के खिलाफ खूब धरने प्रदर्शन हुए। यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी ने ट्रस्ट के गेट को ताले तक जड़ दिए थे।
लुधियाना, [राजेश भट्ट]। Year Ender 2021ः साल 2021 लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के लिए अच्छा नहीं रहा। इस साल में लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने शहर में 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए, लेकिन विवादों के कारण इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की तरफ से यह किए गए कार्य चर्चा में नहीं आ पाए। माडल टाउन एक्सटेंशन में पौने चार एकड़ जमीन को औने पौने दाम पर बेचे जाने को लेकर लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट और चेयरमैन रमन बाला सुब्रह्मण्यम के खिलाफ खूब धरने प्रदर्शन हुए। यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी ने ट्रस्ट के गेट को ताले तक जड़ दिए थे। इस दाैरान खूब हंगामा भी हुआ था।
भाजपा के विरोध के बाद सरकार ने इस भूमि सौदे को रद किया और मामला कोर्ट तक पहुंचा। इसके अलावा इस सौदे के अलावा शहर की अन्य प्रापर्टीज को भी औने पौने दामों पर बेचे जाने के आरोप लगते रहे। यही नहीं ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्टियों का विवाद भी चर्चा का विषय बना रहा। यह मामला साल भर चर्चा में रहा।
यह भी पढ़ें-ईयर एंडर 2021: लुधियाना के विधायक सिमरजीत बैंस चर्चा में रहे, दुष्कर्म के आरोप पर वारंट भी हुए जारी
केंद्र के खिलाफ यूथ कांग्रेसियों ने भी किया था विरोध
भाजपाई ट्रस्ट दफ्तर के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तो दूसरी तरफ यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी जिला प्रधान योगेश हांडा के नेतृत्व में जमा हुए थे। उनको पुलिस ने लुधियाना स्टॉक एक्सचेंज के सामने ही बैरिकेटिंग पर रोक लिया था। कांग्रेस नेता मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने कांग्रेसियों को भाजपाईयों के धरने से दूर ही रोके रखा था। इस तरह से दोनों पक्षों में टकराव होने से बच गया था। उधर ट्रस्ट के चेयरमैन रमन बाला सुब्रामण्यम भी भाजपा के अरोपों को सिरे से खारिज कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें-लुधियाना ब्लास्टः आखिर किसने दी गगनदीप को बम चलाने की ट्रेनिंग, स्लीपर सेलों की तलाश में जांच एजेंसियां