महिला हवालाती ने जेल गारद पर लगाया कपड़े फाड़ने का आरोप Ludhiana News
केंद्रीय महिला जेल की एक हवालाती ने पुलिस गारद पर मारपीट करने व उसके कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस मुलाजिमों ने भी उस पर मारपीट करने व वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया है।
लुधियाना, जेएनएन। केंद्रीय महिला जेल से सिविल अस्पताल में इलाज करवाने लाई गई एक हवालाती महिला ने पुलिस गारद पर मारपीट करने व उसके कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर पुलिस मुलाजिमों ने भी उक्त महिला हवालाती पर मारपीट करने व वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया है। जेल गारद ने मामले की शिकायत सिविल अस्पताल चौकी पुलिस को दी है। महिला की पहचान शिमला पुरी निवासी किरण (36) के रूप में हुई। उसने आरोप लगाया कि थाना डाबा पुलिस ने उसके खिलाफ नशा तस्करी के आरोप में केस दर्ज किया था, जिसके चलते एक सप्ताह से वो जेल में है।
सोमवार को उसकी तबीयत खराब थी, जिसके चलते जेल गारद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले आई। उसने आरोप लगाया कि यहां लाने के बावजूद जेल गारद उसे डॉक्टर के पास चेक करवाने नहीं ले जा रही थी। उसने जब उनसे डॉक्टर के पास ले जाने के लिए कहा तो गारद ने उससे बदसलूकी कर उसके कपड़े फाड़ दिए। उधर, पुलिस गारद की महिला कांस्टेबल ने कहा कि उक्त हवालाती महिला को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। यहां पहुंच वो गाड़ी के अंदर ही उत्पात मचाने लगी। जब उसे ऐसा करने से रोका गया तो उसने उनकी वर्दी फाड़ी और उनके साथ गाली-गलौज करने लगी, जिसकी शिकायत सिविल अस्पताल चौकी पुलिस में दर्ज करवा दी है।
हवालाती महिला ने महिला कांस्टेबल से झगड़ा किया और उनकी वर्दी फाड़ी। महिला कांस्टेबल ने सिविल अस्पताल में मेडिकल करवा मामले की शिकायत दर्ज करवाई है, जिसकी जांच की जा रही है। कुलदीप सिंह, चौकी इंचार्ज, सिविल अस्पताल जेल गारद पर लगाए गए सभी आरोप गलत हैं। वो महिला नशा करने की आदी है। उसे नशा नहीं मिलता है तो हंगामा करती है, जिस दिन से वो जेल आई है, उसने पूरे स्टाफ की नाक में दम कर रखा है। गारद का कोई कसूर नहीं है। उलटा गारद टीम बार-बार मुझे कॉल करके उसकी करतूतें बता रहीं थीं। दमनजीत वालिया, सुपरिंटेंडेंट, महिला जेल
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें