लुधियाना में गला रेत आत्महत्या करने वाली महिला का पति गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
आत्महत्या करने वाली महिला का पति मूल रूप से बिहार के जिला मुंगेर स्थित थाना बड़ियालपुर के अंर्तगत आते गांव विजय नगर का रहने वाला है। कुछ साल पहले उसकी बेटी रेखा की शादी आरोपित बबलू कुमार से हुई थी।
लुधियाना, जेएनएन। अपना गला रेत कर आत्महत्या करने वाली मृतक महिला के पति को थाना टिब्बा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पत्नी को आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में केस दर्ज किया गया। आरोपित की पहचान मेहरबान के गांव कका निवासी बबलू कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने मृतका रेखा (25) के पिता चुरकुल मंडल की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
आराेपित मूल रूप से बिहार के जिला मुंगेर स्थित थाना बड़ियालपुर के अंर्तगत आते गांव विजय नगर का रहने वाला है। कुछ साल पहले उसकी बेटी रेखा की शादी आरोपित बबलू कुमार के साथ हुई थी। गांव कका में रहने वाला बबलू आटो रिक्शा चलाने का काम करता था। आरोपित अकसर घर से गायब रहता था। जब भी घर आता, नशा करने के बाद रेखा के साथ मारपीट किया करता था।
इसके चलते रेखा मानसिक ताैर पर परेशान रहती थी। 26 मार्च को वह टिब्बा रोड की न्यू स्टार कालोनी में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घर आई हुई थी। उसकी साढ़े तीन साल की बेटी रितु भी उसके साथ थी। दिमागी परेशानी के चलते उसने चाकू से अपना गला रेत लिया था। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।
खुदकशी करने से पहले उसने अपनी बेटी रितु के पेट व हाथ पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किये, जिसमें बच्ची के हाथ की नसें कट गई और वह लहूलुहान हो गई। इलाज के लिए उसे नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। एएसआइ गुरप्रीत सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है।