लुधियाना पुलिस ने नशा तस्करों पर कसा शिकंजा, 20 ग्राम हेराेइन के साथ महिला को किया गिरफ्तार
लुधियाना में थाना लाडोवाल पुलिस ने हेरोइन तस्करी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 20 ग्राम हेराेइन बरामद हुई। महिला के खिलाफ केस दर्ज करके बुधवार उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना में थाना लाडोवाल पुलिस ने हेरोइन तस्करी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 20 ग्राम हेराेइन बरामद हुई। महिला के खिलाफ केस दर्ज करके बुधवार उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। एसआइ जसपाल सिंह ने बताया कि उसकी पहचान गांव तलवंडी निवासी अमरजीत कौर के रूप में हुई। पुलिस को मंगलवार दोपहर सूचना मिली थी कि उक्त महिला काफी समय से हेराेइन तस्करी का काम कर रही है। आज भी वो लाडोवाल से गांव बौंकड़ डोगरां की और पैदल ही किसी ग्राहक को हेराेइन देने के लिए जा रही है। सूचना के आधार पर हंबड़ां रोड स्थित खालसा डेयरी के पास नाकाबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जसपाल सिंह ने कहा कि महिला का पुराना रिकार्ड चेक किया जा रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है वो कहां से हेराेइन लाकर आगे किस किस को बेचा करती थी।
जुआ खेलते 4 लोग नगदी समेत गिरफ्तार
लुधियाना के शिव पुरी चौक इलाके में सार्वजनिक जगह पर ताश से जुआ खेल रहे 4 लोगों को थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 29,600 रुपये की नगदी भी बरामद हुई। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। एएसआई विजय कुमार ने बताया कि उनकी पहचान आनंदपुरी कालोनी निवासी गगन कुमार, गगनदीप कालोनी निवासी अंकित कुमार, पिंक सिटी निवासी अमन कुमार तथा सूदां मोहल्ला निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई। पुलिस को रविवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित शिव पुरी चौक के पास सार्वजनिक जगह में बैठ कर सरेआम ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।