राशन लेने पहुंची महिला के साथ पहले की धक्का-मुक्की और बाद में पति को अगवा कर पीटा; सरपंच समेत छह पर केस
जब सुनीता सरपंच के साथ बात कर रही थी तो उसी दौरान उसके पति ने उसे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया
लुधियाना, जेएनएन। साहनेवाल के गांव मजारा में राशन लेने के लिए गई महिला को महिला सरपंच उसके पति व साथियों ने धक्के मार कर घर से बाहर कर दिया। उसकी चुन्नी उतार कर फेंक दी। इसके बाद आरोपितों ने महिला के पति को अगवा कर घर में ले जाकर बुरी तरह से मारपीट की। अब थाना साहनेवाल पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान गांव मजारा निवासी महिला सरपंच रुपिंदर कौर, बलवीर सिंह, कमलजोत सिंह, जसदीप सिंह, हरदेव सिंह तथा दरबारा सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने उसी गांव में रहने वाले जसवीर सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि एक मई की दोपहर डेढ़ बजे गांव की सरपंच अपने घर में राशन बांट रही थी। जिसके चलते उसकी पत्नी सुनीता रानी सरपंच के घर से राशन लेने के लिए चली गई। जब सुनीता सरपंच के साथ बात कर रही थी तो उसी दौरान उसके पति ने उसे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। उसने गाली-गलौज करते हुए उसके सिर से चुन्नी उतार कर फेंक दी। उसने कहा कि तुम लोग दूसरी पार्टी से हो, इस लिए तुम्हें राशन नहीं दिया जाएगा।
इसके बाद शाम 6.30 बजे महिला के पति जसवीर सिंह ने गांव के सरपंच के घर जाकर राशन न देकर गाली गलौज करने का कारण पूछा, तो उन लोगों ने उसके मुंह पर थप्पड़ मार दिए। घर लौटते समय आरोपितों ने उसे रास्ते में ही अगवा कर लिया और उसे घर के अंदर ले जाकर बुरी तरह से मारपीट की। बलवीर सिंह ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है।