अब मोबाइल पर एक टच से मिल जाएगा Blood, जानें कैसे...
दो युवकों संदीप सिंह सिद्धू और रवनीत सिंह लांबा ने एक मोबाइल ब्लड एप्लीकेशन ब्लड वालेट तैयार किया है। इसकी मदद से जरूरतमंद को समय पर खून उपलब्ध करवाया जा सकता है।
जगराओं [बिंदु उप्पल]। जिंदगी के लिए रक्त सबसे अहम तत्व है। हादसे में घायल होने या बीमारी होने पर लोगों को इमरजेंसी में रक्त की जरूरत होती है। रक्त न मिलने पर जिंदगी भी खतरे में पड़ जाती है। ऐसे नाजुक समय में बिना किसी समस्या के रक्त मिले, इसके लिए कालस्टेम सॉफ्टवेयर कंपनी के दो युवकों संदीप सिंह सिद्धू और रवनीत सिंह लांबा ने एक मोबाइल ब्लड एप्लीकेशन ब्लड वालेट तैयार किया है। इसकी मदद से जरूरतमंद को समय पर खून उपलब्ध करवाया जा सकता है। संदीप व रवनीत के जिंदगी बचाने के इस जुनून से कई लोगों को जीवनदान मिल चुका है।
देश में हर वर्ष पांच करोड़ यूनिट खून की जरूरत
संदीप सिंह सिद्धू बताते हैं कि देश में हर साल पांच करोड़ यूनिट खून की जरूरत पड़ती है। इसमें से आधा ही रक्त मिल पाता है। रोजाना 38,000 से अधिक यूनिट रक्त की जरूरत पड़ती है। इस जरूरत की पूर्ति के लिए हमने तकनीक का प्रयोग करने का प्रयास किया है। हमने एंड्रॉयड फोन के लिए ब्लड वालेट नामक एप तैयार की है।
एप में पूरे देश के ब्लड बैंकों की है जानकारी
जरूरत के समय रिक्वायर्ड ग्रुप के ब्लड की जानकारी सहित एप में संदेश दे सकते हैं। फिर यह संदेश उन सब मोबाइलों में चला जाता है, जिन्होंने हमारी एप इंस्टाल की है। एप में पूरे भारत की ब्लड बैंकों की जानकारी भी मिल सकती है। इस जानकारी को हम वाट्सअप और फेसबुक पर आसानी से सांझा कर सकते हैं। जिनको खून की जरूरत होती है, उन तक खून की उपलब्धता यकीनी बनाई जाती है।
संदीप सिंह सिद्धू और रवनीत सिंह लांबा।
हर राज्य के रक्तदानियों की जानकारी भी है इसमें
समाज सेवक रवनीत सिंह लांबा ने बताया कि इस मोबाइल ब्लड एप में हर राज्य और जिले के रक्तदानियों की पूरी जानकारी उपलब्ध है। एप में रक्तदान करने से पहले और बाद में खानपान व इससे जुड़े सभी सवालों के जवाब व जानकारियां उपलब्ध हैं। हमारा लक्ष्य है कि इनको पढ़कर लोग जानें कि अच्छी सेहत के लिए रक्तदान करना भी जरूरी है। बकौल रवनीत सिंह लांबा, इस मोबाइल ब्लड एप के माध्यम से हम एक स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करना चाहते हैं।
क्या खास है इस मोबाइल ब्लड एप में
यह एप 27 फरवरी 2018 को जारी हुआ था। इसका अपडेट वर्जन 4 फरवरी 2019 को जारी हुआ है। इससे 1000 से ज्यादा रक्तदाता जुड़े हैं। इसमें बी पॉजीटिव ग्रुप के 500, निगेटिव ग्रुप के 50, ए पॉजीटिव ग्रुप के 200 और एबी पॉजीटिव ग्रुप के 200 रक्तदाता जुड़े हैं। यह एप गूगल प्ले स्टोर में उपलब्ध है।