स्प्रे से बेहोश कर लाखों के जेवर लूटे
सलेम टाबरी के मनजीत विहार इलाके में रहने वाली महिला को स्प्रे से बेहोश करके घरेलू काम करने के लिए रखी दो महिलाएं लाखों रुपये कीमत वाले सोने के जेवर चोरी करके फरार हो गई। होश में आने के बाद महिला को चोरी होने का पता चला। सूचना मिलने पर पहुंची थाना सलेम टाबरी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
जासं, लुधियाना: सलेम टाबरी के मनजीत विहार इलाके में रहने वाली महिला को स्प्रे से बेहोश करके घरेलू काम करने के लिए रखी दो महिलाएं लाखों रुपये कीमत वाले सोने के जेवर चोरी करके फरार हो गई। होश में आने के बाद महिला को चोरी होने का पता चला। सूचना मिलने पर पहुंची थाना सलेम टाबरी पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद दो अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। मामले की आगामी कार्रवाई जारी है।
एसआई तमन्ना देवी ने बताया कि उक्त केस मनजीत विहार की गली नंबर 2 निवासी प्रभदीप कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि उसके पति अमरप्रीत सिंह दुबई में रहते हैं। 6 जनवरी के दिन वो अपने घर में बेटी समेत मौजूद थी। उसकी बेटी अपने कमरे में आनलाइन क्लास लगा रही थी। दोपहर करीब 12.17 बजे उसकी पड़ोसन रूपा ने उसके घरेलू काम के लिए दो महिलाओं को उनके घर भेजा। वो उस समय खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। काम कर रही महिलाओं में से एक ने पीछे से आकर उस पर कोई स्प्रे कर दिया। जिसके 5 मिनट बाद उसकी आंखें बंद होने लगी। घबरा कर वो बेड पर लेट गई। उसके बाद बेहोश हो गई। शाम करीब 4 बजे उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि किचन में रखी सोने की दो अंगूठियां तथा अलमारी के लाकर में रखे 8 तोला सोने के जेवर चोरी हो चुके थे। तमन्ना देवी ने बताया कि पीड़ित महिला के घर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, मगर खराब होने के कारण उनमें से कुछ नहीं मिला। आरोपित महिलाओं का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।