लुधियाना में मारपीट की घटनाओं में दो लोग घायल, 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
लुधियाना में मारपीट की दो घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने अब 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पहला मामला थाना हैबोवाल व दूसरा थाना डिवीजन नंबर 6 में दर्ज हुआ है।
जासं, लुधियाना। लुधियाना में मारपीट की दो घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने अब 17 लोगों के खिलाफ दो केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। थाना हैबोवाल पुलिस ने हैबोवाल के जोशी नगर की गली नंबर 6 निवासी बलविंदर कौर की शिकायत पर प्रशांत, काली, रुपेश, हैप्पी, बिल्ला, भानू, मनीश, कुनाल, कैमी, घुग्गा, शिवम, पम्मी तथा लव के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि प्रशांत, काली, रुपेश तथा हैप्पी चिट्टा पीने के आदी हैं। बलविंदर कौर का बेटा अमनदीप सिंह उन्हें ऐसा करने से रोकता है। उसी बात की रंजिश पर 16 जनवरी के दिन आरोपितों ने हरि सिंह नगर में उसे घेर कर उस पर हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने ढोलेवाल के सेवक नगर की गली नंबर 3 निवासी नवदीप सिंह की शिकायत पर निखिल, वरुण, नवनीत तथा विकास के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 25 दिसंबर के दिन निखिल उसके पास अपना चांदी का कड़ा बेचने के लिए आया था। उसने वो कड़ा जनकपुरी मेन मार्केट स्थित सुनार के पास 1200 रुपये में बिकवा दिया। उसी बात की रंजिश में 11 जनवरी के दिन आरोपितों ने उसे तब घेर लिया। जब वो अदालत में पेशी पर जा रहा था। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।
दड़ा सट्टा लगाता नगदी समेत गिरफ्तार
लुधियाना में सार्वजनिक जगह पर दड़ा सट्टा लगा रहे एक व्यक्ति को पुलिस की सीआईए-3 टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 3210 रुपये की नगदी बरामद हुई। उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 6 में केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। एएसआई संसार सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान चेत सिंह नगर की गली नंबर 10/2 निवासी परमिंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस को वीरवार गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित राधा स्वामी रोड टी-प्वाइंट पर सरेआम दड़ा सट्टा लगाने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर वहां दबिश देकर उसे काबू कर लिया गया।