मारपीट की घटनाओं में दो लोग घायल
मारपीट की दो घटनाओं में दो लोग घायल हो गए।
जासं, लुधियाना : मारपीट की दो घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। संबंधित थानों में महिला समेत चार लोगों पर केस दर्ज किए गए हैं।
भाभी के साथ अवैध संबंधों के शक में युवक ने अपने चचेरे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने सूआ रोड स्थित हरगोबिद नगर की गली नंबर 16 निवासी कृष्णा कुमार की शिकायत पर संतोष कुमार के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। अपने बयान में उसने बताया कि उसके ताया के बेटे संतोष कुमार तथा अजय कुमार उसी के साथ रहते हैं। मगर संतोष को शक है कि कृष्णा के उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध हैं। उसी बात की रंजिश में 29 सितंबर को उसने कृष्णा की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने के बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गया।
उधर, थाना जमालपुर पुलिस ने गांव ताजपुर के गुरु रामदास नगर की गली नंबर 2 निवासी रणविजय की शिकायत पर उसी इलाके में रहने वाले सुरेश कुमार, कमलेश तथा कुसमावती के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि उसने आरोपित को एक प्लाट खरीदवाया था। उसका इंतकाल होना अभी बाकी थी। उसी बात पर आरोपितों ने उस पर हमला कर दिया। मारपीट कर घायल करने बाद वो उसे जान से मारने की धमकियां देते फरार हो गए।