लुधियाना में मुर्गों की लड़ाई में दो पक्षों में खूनी भिड़ंत, 22 लोगों पर हत्या के प्रयास का केस, एक पहुंचा पीजीआइ
लुधियाना के डीएमसी इलाके में दोनों गुटों ने तेजधार हथियारों से एक दूजे पर जानलेवा हमला किया। इसमें कई लोग घायल हुए। एक युवक गंभीर रूप से घायल हाे गया है। उसे इलाज के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।
जासं, लुधियाना। गांव बल्लो में कुक्कड़ प्रतियोगिता (मुर्गों की लड़ाई) के दौरान पुरानी रंजिश में दो पक्ष एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन गए। डीएमसी इलाके में दोनों गुटों ने तेजधार हथियारों से एक दूजे पर जानलेवा हमला किया। इसमें कई लोग घायल हुए। एक युवक गंभीर रूप से घायल हाे गया है। उसे इलाज के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। अब थाना डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने दोनों पक्ष के खिलाफ हत्या प्रयास व अन्य आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
एएसआइ सतनाम सिंह ने बताया कि एक पक्ष में गांव बल्लो के निवासी गुरकीरत सिंह, संगम पैलेस निवासी रोमेश, नाली मोहल्ला निवासी ललित कुमार, ढोलेवाल की विश्वकर्मा कालोनी निवासी गुरप्रीत सिंह, पटियाला निवासी मनीश कुमार, शैली तथा उनके 6 अज्ञात साथियों को नामजद किया है। जबकि दूसरे पक्ष के गांव बल्लो के निवासी परमीजत सिंह, मनी, पीता, हैबोवाल निवासी पोपी, दशमेश नगर निवासी अमन कुमार, रमन कुमार, बाड़ेवाल की शेर-ए-पंजाब कालोनी निवासी अर्जुन कुमार, गोपाल नगर निवासी शान सिंह, गांव अय्याली खुर्द निवासी जगजीत सिंह तथा रिशी नगर के एक्स ब्लाक निवासी संजय सीटू हैं।
पुलिस को सोमवार रात 11 बजे सूचना मिली थी कि डीएमसी अस्पताल के पास तेजधार हथियारों से लैस हुए दो दर्जन के करीब युवक एक दूसरे को जान से मारने की नीयत स भिड़ गए हैं। रंजिश इस बात की है कि दिसंबर 2021 के पहले सप्ताह में जालंधर में कुक्कड़ प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें दोनों पक्ष के बीच जम कर तकरार बाजी के बाद खूनी झड़प हो गई थी। सतनाम सिंह ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें - पटियाला के 2 हाेटलाें में आधी रात काे देह व्यापार का भंड़ाफाेड़, पुलिस की रेड में 3 युवतियाें सहित 6 गिरफ्तार