लुधियाना में लूटपाट करने वाले दो गिरफ्तार, चाकू व लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद
लुधियाना में चाकू के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना मोती नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चाकू और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। दाेनों के खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार उन्हें अदालत में पेश किया गया।

जासं, लुधियाना। लुधियाना में चाकू के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना मोती नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चाकू और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। दाेनों के खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। एएसआइ अनिल कुमार ने बताया कि उनकी पहचान शेर पुर की मुस्लिम कालोनी निवासी रवि डुमरा तथा शेर पुर कलां की 100 फुटा रोड निवासी नीरज प्रसाद के रूप में हुई।
पुलिस ने बाबा दीप सिंह नगर की गली नंबर 2 निवासी राजेश कुमार की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि 16 जनवरी को वो अपने भतीजे गोबिंद कुमार के साथ अपने दोस्त से मिलने के लिए शेर पुर की रणजीत कालोनी की तरफ जा रहा था। शेर पुर कलां श्मशान घाट के पास मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उन्हें जबरदस्ती घेर कर रोक लिया। चाकू के बल पर उसका ओपो कंपनी का मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। अनिल कुमार ने बताया कि पड़ताल के दौरान दोनों आरोपितों का सीसीटीवी फुटेज मिल गया। जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनका पुराना रिकार्ड चेक किया जा रहा है। उनसे की जा रही पूछताछ में अहम खुलासे होने की संभावना है।
Edited By Vinay Kumar