अगले माह की 20 से थम जाएंगे ट्रकों के चक्के
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के बैनर तले देश भर के ट्रांसपोर्टर्स बीस जुलाई सुबह छह बजे से अनिश्चिकाल के लिए ट्रकों का चक्का जाम करेंगे।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के बैनर तले देश भर के ट्रांसपोर्टर्स बीस जुलाई सुबह छह बजे से अनिश्चिकाल के लिए ट्रकों का चक्का जाम करेंगे। हड़ताल को सफल बनाने के लिए संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन कुलतरण सिंह अटवाल ने शुक्रवार को लुधियाना पहुंच कर यहां के ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक की। लुधियाना ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एंड डवलपमेंट सोसाइटी ने भरोसा दिलाया है कि हड़ताल को पूरी तरह से सफल बनाने में सहयोग किया जाएगा। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्टर्स की मांग है कि डीजल की कीमतें कम की जाएं। राष्ट्रीय स्तर पर कीमतें एक समान की जाएं और मूल्य निर्धारित रोजाना की बजाय हर तीन माह बाद किया जाए। इसके अलावा भारत को टोल बैरियर मुक्त किया जाए। तृतीय पक्ष बीमा में पारदर्शिता लाई जाए। इसके प्रीमियम को जीएसटी से मुक्त किया जाए। ट्रांसपोर्ट कारोबार में टीडीएस खत्म किया जाए। ई वे बिल नियमों में संशोधन किए जाए। इन मांगों को लेकर ट्रांसपोर्टर अगले माह हड़ताल पर जा रहे हैं। अटवाल ने कहा कि सरकार की दमनकारी और परिवहन क्षेत्र को बर्बादी के कागार पर खड़ा करने वाली नीतियों के खिलाफ ही देश भर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी हड़ताल पर जा रहे हैं। उधर, लुधियाना ट्रांसपोर्टर्स सोसाइटी के प्रधान जसमीत सिंह प्रिंस ने कहा कि हड़ताल को कामयाब बनाने के लिए शीघ्र ही साथियों की जिम्मेदारियां लगा दी जाएंगी। बैठक में ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चरण सिंह लोहारा, अनंत सिंह चावला, सर्बजीत सिंह, मोहन सिंह गिल, केके शर्मा, कैलाश चौधरी समेत कई कारोबारी मौजूद रहे।