लुधियाना में नशा तस्कराें पर पुलिस की रेड, इनोवा व स्कूटर पर पौने सात किलो अफीम ले जाते तीन गिरफ्तार
थाना जमालपुर पुलिस ने नशा तस्कराें के खिलाफ रेड कर गुप्त सूचना के आधार पर मुंडियां कलां में इनोवा सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से सवा पांच किलो अफीम बरामद हुई। उनके खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार अदालत में पेश किया गया।
लुधियाना, जेएनएन। नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी मुहिम के अंर्तगत बीते चौबीस घंटों के दौरान पुलिस ने दो जगहों पर कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पौने सात किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से एक इनोवा कार तथा स्कूटर को भी कब्जे में ले कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना जमालपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुंडियां कलां में दबिश देकर इनोवा सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से सवा पांच किलो अफीम बरामद हुई। उनके खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार अदालत में पेश किया गया। जहां से दो दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान न्यू गुरु नानक नगर के 33 फुटा रोड निवासी जगतार सिंह तथा माछीवाड़ा के गांव नूरपुर मंड निवासी गुरदीप सिंह के रूप में हुई। दोनों के सोर्स और ग्राहकों की डिटेल निकलवाई जा रही है।
थाना सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव झांडे में की गई नाकाबंदी के दौरान स्कूटर पर जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.5 किलो अफीम बरामद की गई। आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके अदालत में पेश किया गया। जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान टिब्बा रोड के रिशी नगर स्थित चर्च के पास रहने वाले ओम प्रकाश के रूप में हुई।