Snatching in Ludhiana: रिटायर्ड एसआइ की पत्नी के गले से चेन झपटती महिला गैंग की तीन सदस्य गिरफ्तार
Snatching in Ludhiana गुरुद्वारा आलमगीर साहिब में दर्शन करके लौट रहे पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एसआइ की पत्नी को महिला गैंग ने निशाना बना लिया। गिराेह की सदस्यों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Snatching in Ludhiana: गुरुद्वारा आलमगीर साहिब में दर्शन करके लौट रही पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एसआइ की पत्नी को महिला गैंग ने निशाना बना लिया। गिराेह की सदस्यों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली। हालांकि मौके पर महिला के शोर मचाने पर जमा हुए लोगों ने गैंग की तीन महिला सदस्यों को काबू कर लिया। सूचना मिलने पर पहुंची थाना डेहलों पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ केस दर्ज किया।
सोमवार उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से दो दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। एसआइ सुरिंदर पाल ने बताया कि उनकी पहचान पटियाला के गांव सैण निवासी सुरजीत कौर पत्नी लभू सिंह, पटियाला के गांव छीटावाला निवासी लक्ष्मी कौर पत्नी बौबी सिंह तथा पटियाला के गांव भनेरी निवासी कर्मजीत कौर पत्नी जरनैल सिंह के रूप में हुई।
पुलिस ने बस्ती अब्दुल्ला पुर निवासी स्वर्ण सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे वह पत्नी गुरमीत कौर तथा पाेते के साथ गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वह लोग गुरुद्वारा साहिब से बाहर निकल रहे थे। उसी समय रांग साइड से अंदर जा रही महिलाओं में से एक ने उनकी पत्नी को धक्का मार दिया। फिर उसने झटके से उसके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और भागने लगी। उनकी पत्नी के शोर मचाने पर लोगाें ने तीनों को वहीं धर लिया। माैके पर पहुंची पुलिस ने उनके कब्जे से झपटी गई चेन भी बरामद कर ली।
सुरिंदर पाल ने कहा कि गैंग की महिलाएं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में वारदातें करती हैं। रविवार के दिन जिन धार्मिक स्थलों में लोगाें की ज्यादा भीड़ इकट्ठी होती है, वहां वारदात करके निकल जाती हैं। यह गिरोह मेलों में भी सक्रिय रहता है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उनके साथ और कौन कौन लोग शामिल हैं। उनका पुराना रिकाॅर्ड भी चेक किया जा रहा है।