Gambling In Ludhiana : लुधियाना में दड़ा सट्टा लगाते तीन गिरफ्तार, छह हजार रुपए नकदी बरामद
लुधियाना पुलिस ने दो जगहों पर कार्रवाई करते हुए दड़ा सट्टा लगा रहे 3 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से नगदी भी बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना पुलिस ने दो जगहों पर कार्रवाई करते हुए दड़ा सट्टा लगा रहे 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 6310 रुपये की नगदी भी बरामद की गई। उनके खिलाफ दो केस दर्ज करके जांच पड़ताल की जा रही है। बाल सिंह नगर इलाके में दड़ा सट्टा लगा रहे दो लोगों को थाना दरेसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 5 हजार रुपये की नगदी, गत्ता और पेन बरामद किया गया। एएसआई जोगिंदर पाल ने बताया कि उनकी पहचान बसंत विहार कालोनी निवासी राजीव कुमार तथा चंद्र के रूप में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपित बाल सिंह नगर इलाके में सरेअाम दड़ा सट्टा लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर वहां दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, थाना टिब्बा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर टिब्बा रोड के स्वतंत्र नगर इलाके में दबिश देकर दड़ा सट्टा लगा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। हवलदार राम सिंह ने बताया कि उसकी पहचान किशोर नगर की लगी नंबर 3 निवासी भारत भूषण के रूप में हुई। उसके कब्जे से 1310 रुपये की नगदी, कापी और पेन बरामद किया गया।