एसएमओ दफ्तर के बाहर महिला कर्मी ने चतुर्थ श्रेणी मुलाजिम को जड़ा थप्पड़
सिविल अस्पताल की एसएमओ के दफ्तर के बाहर शुक्रवार दोपहर को एक महिला कर्मचारी और दर्जा चार मुलाजिम के बीच तकरार हो गई। महिला कर्मचारी ने मुलाजिम को थप्पड़ जड़ दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : सिविल अस्पताल की एसएमओ के दफ्तर के बाहर शुक्रवार दोपहर को एक महिला कर्मचारी और दर्जा चार मुलाजिम के बीच तकरार हो गई। महिला कर्मचारी ने मुलाजिम को थप्पड़ जड़ दिया। गुस्साए दर्जा चार मुलाजिम ने चाय की ट्रे वहीं फेंक दी। गर्म चाय गिरने से दो कर्मचारी झुलस गए। हंगामे के बाद डाक्टरों और अधिकारियों ने किसी तरह इस मामले का शांत किया।
दर्जा चार मुलाजिम भगवती ने आरोप लगाया कि वह डाक्टरों के लिए चाय लेकर जा रहा था। दफ्तर के बाहर गेट पर महिला कर्मचारी खड़ी थी। उसे साइड में हटने के लिए कहा तो वह नहीं हटी। गुस्से में आकर उसने उन्हें थप्पड़ मार दिया। उसकी कमीज की जेब तक फाड़ दी। इस बीच उसके हाथ से चाय की ट्रे गिर गई।
---
वहीं, वन स्टाप सेंटर में तैनात महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि वह किसी काम से एसएमओ दफ्तर के बाहर खड़ी थी। उक्त कर्मचारी ने उसके कंधे पर हाथ रखकर उसे हटने को कहा था। जो उसे अच्छा नहीं लगा। इस कारण विवाद हो गया और उसने चाय की ट्रे फेंक दी।
---
दफ्तर के बाहर दोनों कर्मचारी आपस में झगड़ा करने लगे थे। बाद में उन्हें शांत करवा दिया। जो भी हुआ वह सही नहीं था।
अमरजीत कौर, एसएमओ, सिविल अस्पताल, लुधियाना