नवविवाहिता ने बाथरूम में बंद हो ससुरालियों से बचाई जान
दहेज के लालची ससुरालियों ने नवविवाहिता को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे जान बचाने के लिए बाथरूम में बंद होना पड़ा।
जासं, लुधियाना : दहेज के लालची ससुरालियों ने नवविवाहिता को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे जान बचाने के लिए बाथरूम में बंद होना पड़ा। पता चलने पर जब उसके पिता उसे लेने ससुराल पहुंचे तो ससुरालियों ने उन्हें भी पीट दिया। घटना के छह महीने बाद थाना साहनेवाल पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मारपीट व दहेज प्रताड़ना के आरोप में केस दर्ज किया।
एएसआइ परमजीत सिंह ने बताया कि उनकी पहचान दरेसी के सुंदर नगर स्थित बस्ती शेख निवासी करण शर्मा, अश्विनी, निर्मला शर्मा, पवन शर्मा तथा हरीश शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने साहनेवाल के गांव टिब्बा निवासी प्रतिभा शर्मा की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। जुलाई 2021 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में उसने बताया कि 30 नवंबर 2020 में उसकी शादी आरोपित करण शर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद और दहेज लाने के लिए आरोपितों ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया। 30 मई को उन लोगों ने उसे इतनी बुरी तरह से पीटा के उसने खुद को बाथरूम में बंद करके अपनी जान बचाई। गुरमीत सिंह ने कहा कि अधिकारियों द्वारा मामले की जांच के बाद केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।