लव मैरिज करने से रोका तो कर दी बुआ की हत्या
थाना सिटी रायकोट के अधीन गांव गोंदवाल में एक युवक ने बेरहमी से अपनी बुआ का कत्ल कर दिया और फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सिटी रायकोट की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान गोंदवाल निवासी गुरचरण कौर के रूप में हुई।
संवाद सहयोगी, जगराओं : थाना सिटी रायकोट के अधीन गांव गोंदवाल में एक युवक ने बेरहमी से अपनी बुआ का कत्ल कर दिया और फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सिटी रायकोट की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान गोंदवाल निवासी गुरचरण कौर के रूप में हुई।
थाना सिटी रायकोट से सब इंस्पेक्टर अजैब सिंह के मुताबिक अमनदीप कौर निवासी गांव कालसा ने पुलिस को बताया कि उसका मायका गांव गोंदवाल है। मृतका गुरचरण कौर उसके ताया करतार सिंह की बहू थी। उनके पति की उम्र 15 साल पहले हो गई और उनकी कोई औलाद भी नहीं थी। उसने अपनी देखभाल के लिए लगभग छह महीने से अपने भतीजे शिव कुमार उर्फ लाली को रखा हुआ था। शिवकुमार ने गुरचरण कौर पर दबाव डालकर उसके घर की वसीयत अपने नाम करवा ली थी। अब शिव कुमार लव मैरिज करनी चाहता था, जिससे गुरचरण कौर खुश नहीं थी। इस कारण बुआ-भतीजे में झगड़ा रहता था। अमनदीप ने बताया कि पांच सितंबर सुबह सात बजे उसकीं मां ने बताया कि गुरचरण कौर को शिवकुमार ने जान से मार दिया है। उन्होंने वहां आकर देखा तो गुरचरण कौर के गले पर निशान थे और वह मृत पड़ी हुई थी। ऐसा प्रतीत होता था कि शिव कुमार ने उसकी हत्या चुनरी से गला घोंटकर की है।
अमनदीप कौर के बयान पर शिवकुमार निवासी गांव पहीड थाना डेहलों के खिलाफ कत्ल के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।