वकीलों और सेवा केंद्र कर्मचारियों की खींचतान में आवेदक परेशान
वीरवार को सेवा केंद्र कर्मचारियों के साथ वकीलों की झड़प हो गई। जिसके चलते कर्मचारियों ने काम रोक कर मिनी सचिवालय परिसर में प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना :वीरवार को सेवा केंद्र कर्मचारियों के साथ वकीलों की झड़प हो गई। जिसके चलते कर्मचारियों ने काम रोक कर मिनी सचिवालय परिसर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वकीलों ने उनके साथी के साथ मारपीट की है। इसी शिकायत लेकर वह डीसी प्रदीप अग्रवाल के पास पहुंचे। डीसी ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के लिए कहते हुए कहा कि अगर आरोप साबित हुआ तो आरोपितों के खिलाफ पर्चा दर्ज करवाया जाएगा। काम बाधित होने के चलते सेवा केंद्र में काम करवाने के लिए पहुंचे आवेदक भी डीसी के पास पहुंच गए। डीसी के आश्वासन पर कर्मचारी काम पर वापस लौट आए।
दरअसल मेरिज सर्टिफिकेट बनवाने आए वकील की नोकझोंक सेवा केंद्र कर्मचारी सन्नी से हो गई। नोकझोंक बढ़ी तो वकील फोन करके अपने साथी वकील सेवा केंद्र में बुलवा लिए जबकि सेवा केंद्र कर्मचारी अपने साथी कर्मचारी के पक्ष में खड़े हो गए। वकीलों का आरोप था कि उक्त कर्मचारी पैसे लेकर काम करता है। इसी वजह से उनके कार्य लेट हो जाते है। वहीं सेवा केद्र कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वकीलों ने एडमिनस्ट्रेटर कार्यालय में घुसकर सन्नी से मारपीट की। जिस पर गुस्साए कर्मचारियों ने काम बंद करके नारेबाजी की।