लुधियाना के ढंडारी इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक, काम से लौट रहे लोगों को बना रहे शिकार
लुधियाना के ढंडारी इलाके में आवारा व खतरनाक कुत्तों की भरमार है। इस इलाके में ज्यादातर मजदूर रहते हैं जिन्हें आए दिन कुत्ते अपना शिकार बनाते हैं। काम पर जाते समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लुधियाना, जेएनएन। शहर में आवारा कुत्तों का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। शहर की गलियों में बैठे आवारा कुत्ते हर आने जाने लोगों को अपना शिकार बना रही है। शहर के ढंडारी इलाके में आवारा व खतरनाक कुत्तों की भरमार है। इस इलाके में ज्यादातर मजदूर रहते हैं, जिन्हें आए दिन कुत्ते अपना शिकार बनाते हैं। सुबह अपने काम पर जाते समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में इलाके के लोगों ने नगर निगम अधिकारियों को भी कई बार शिकायत दी है लेकिन तक इस समस्या का समाधान नहीं सका है। लोगों ने मांग की है कि ढंडरी इलाके से जानलेवा कुत्तों को उठाया जाए, ताकि लोगों इनके आतंक से राहत मिल सके।
गौर हो कि शहर के हर कोने में कुत्ते लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। रविवार देर रात भी ढंडारी इलाके में फैक्ट्री से काम करके लौट रहे एक युवक पर करीब एक दर्जन कुत्तों ने हमला कर दिया। इस दौरान उक्त युवक कुमदेश कुमार जान बचाने के लिए भागने लगा तो वह रास्ते में गिर गया। जिसके बाद कुत्तों ने उसको बुरी तरह से नोच लिया। आसपास के लोगों ने उसे कुत्ते के चुंगल से छुड़ाया लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुका था। लोगों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
आवारा कुत्तों की संख्या को कंट्रोल करने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल प्रोग्राम चल रहा है। अलग-अलग इलाकों से कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी की जा रही है। जो कुत्ते खूंखार हो जाते हैं, उनकी शिकायत मिलने पर ऐसे कुत्तों को उठा लिया जाता है। वैक्सीनेशन के बाद फिर से वहीं पर छोड़ा जाता है।
विपल मल्होत्रा, सेहत अफसर, नगर निगम।