पुलिस को अंगुलियों पर नचा रही 10 साल की लड़की, 24 दिन में कर डालीं चोरी की पांच वारदातें
लड़की से 25 साल का एक युवक उससे चोरी करवा रहा है। गिरोह शहर बदल-बदल कर वारदातें कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज होने के बाद भी पुलिस उन्हें पकड़ पाई है।
लुधियाना [राजन कैंथ]। शादियों में दूल्हे व दुल्हन के रिश्तेदारों को निशाना बनाने वाली 10 साल की लड़की पुलिस को अपनी अंगुलियों पर नचा रही है। लड़की से 25 साल का एक युवक उससे चोरी करवा रहा है। 24 दिनों के अंदर ही दोनों लुधियाना समेत विभिन्न शहरों में पांच वारदातें कर चुके हैं। हाल ही में मोहाली व चंडीगढ़ में तीन और वारदातें करके इस लड़की ने पुलिस को चुनौती दे डाली है। यह गिरोह शहर बदल-बदल कर वारदातें कर रहा है। ये दोनों मध्य प्रदेश से हैं, पुलिस को यही जानकारी मिल पाई है। पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज भी है। फिर भी दोनों पुलिस को चकमा दे रहे हैं।
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने कहा कि गैंग को पकड़ने के लिए टीमें बनाई गई हैं। अपील है कि शादी में नकदी व जेवरों वाले पर्स संभाल कर रखें। ऐसे मौकों पर कई प्रकार के गैंग नजर रखते हैं। व्यस्त होने की वजह से कई बार लोग अपने बैग की ओर ध्यान नहीं दे पाते। चोर इसका फायदा उठा लेते हैं।
1. 27 December, 2019 - मॉडल टाउन एक्सटेंशन, लुधियाना
सराभा नगर के गुरुद्वारा साहिब में सोनिया अरोड़ा की बेटी साबिया के आनंद कारज के दौरान उसकी नानी हरजीत कौर का पर्स चोरी हो गया। सीसीटीवी में 10 साल की लड़की पर्स चुराती दिखी। पर्स में करीब 1.60 लाख रुपये के जेवर थे।
2. 04 January 2020 - मॉडल टाउन एक्सटेंशन, लुधियाना
सुखबीर कौर बावा के बेटे गुरसिमरन सिंह की शादी दिल्ली के मुखर्जी नगर निवासी जगजीत सिंह व हरशरण कौर की बेटी मनमीत कौर के साथ क्लास्टन ग्रैंड रिजॉर्ट में थी। मिलनी के 10 मिनट बाद हरशरण का पर्स चोरी हुआ। पर्स में 22 लाख रुपये के जेवर व नकदी थी।
3. 12 Janurary, 2020, सेक्टर 102, मोहाली
शहर के एक रिजॉर्ट में दुल्हन की मां का पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब 4.8 लाख रुपये की नकदी थी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दिख रहा है कि चोरी होने से पहले जिस टेबल पर पर्स रखा गया था, उसके आस-पास बच्चे घूम रहे हैं।
4. 17 Janurary, 2020, द टॉय होटल, सेक्टर 15, चंडीगढ़।
अंकुश शर्मा की शादी गाजियावाद निवासी करुणा शर्मा के साथ हो रही थी। 10 साल की लड़की ने अंकुश शर्मा की मां शशि शर्मा का पर्स चोरी कर लिया। इसमें 60 ग्राम सोने का नेकलेस, चांदी की सात अंगूठियां और 50 हजार की नकदी थी।
5. 19 Janurary, 2020, होटल हयात रिजेंसी, चंडीगढ़।
यहां दूल्हे के चाचा मंगत राम का बैग चोरी हो गया। इसमें दस लाख रुपये के जेवर व नकदी थी। चंडीगढ़ के थाना इंडस्ट्रियल एरिया के एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के साथ युवक भी नजर आ रहा है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें