सर्वर डाउन, नहीं बने ड्राइविग लाइसेंस
सर्वर डाउन होने से चंडीगढ़ रोड़ स्थित ड्राइविग ट्रायल ट्रैक पर लाइसेंस नहीं बन पाए। सुबह इंतजार कर रहे आवेदकों को कर्मचारियों को इंतजार करने के लिए कह दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : सर्वर डाउन होने से चंडीगढ़ रोड़ स्थित ड्राइविग ट्रायल ट्रैक पर लाइसेंस नहीं बन पाए। सुबह आवेदकों को कर्मचारियों का इंतजार करने के लिए कह दिया। सर्वर ने काम करना शुरू नहीं किया, तो आवेदकों को दोपहर बाद आने की बात कहकर वापस भेज दिया। दोपहर बाद जब आवेदक आए, तो जवाब मिला कि अभी तकनीकी समस्या दूर नहीं हो पाई है अब वीरवार को आइए। परेशान आवेदकों का कहना था कि आए दिन सर्वर डाउन होने से कार्य प्रभावित हो रहा है। विभाग को तकनीकी समस्या का स्थाई हल ढूंढना चाहिए।
सुबह 9 बजे आया था नहीं हो पाया काम
सुबह 9 बजे ट्रैक पर आया था। तकनीकी समस्या के चलते काम नहीं हो पाया। फिर कर्मचारियों ने जवाब दिया दोपहर बाद आना। दोपहर बाद आया तो फिर भी काम नहीं हुआ। इसका स्थाई लाइसेंस निकालना चाहिए।
करन सचदेवा, आवेदक
दूसरी बार वापस जा रहा हूं
पिछले सप्ताह भी आया था, तब भी तकनीकी खराबी थी। बुधवार को आया तो फिर से वही समस्या। अब कल बुलवाया गया है। देखते हैं और कितने चक्कर लगते हैं।
प्रभजोत सिंह, आवेदक
सर्वर डाउन का स्थाई हल निकालना चाहिए
पहले सुबह आया तो सर्वर डाउन की वजह से काम शुरू ही नहीं हो पाया। कुछ देर इंतजार के बाद नोटिस लगा दिया कि तकनीकी समस्या के कारण कार्य बंद है। फिर जवाब मिला कि दोपहर बाद आना। दोपहर बाद आए तो सर्वर फिर भी डाउन ही था। अब कह रहे हैं कि वीरवार को आना। इसका स्थाई समाधान होना चाहिए।
अक्षय कुमार, आवेदक
तकनीकी समस्या के बारे में विभाग को तुरंत सूचित कर दिया था: नीलम कुमारी
चंडीगढ़ से ही तकनीकी समस्या है, इसलिए यह बताया नहीं जा सकता कि कब तक इस समस्या का हल हो पाएगा। इसके लिए विभाग को तुरंत सूचित कर दिया गया था, इसका निवारण वहीं से होना है।
नीलम कुमार, इंचार्ज ड्राइविग ट्रायल ट्रैक चंडीगढ़ रोड़